तूफान ‘अर्नब’ को लेकर डीएम ने विभागों को किया अलर्ट:28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, बिजली गिरने और आंधी पर तैयारियों की समीक्षा

Oct 28, 2026 - 15:49
0
तूफान ‘अर्नब’ को लेकर डीएम ने विभागों को किया अलर्ट:28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, बिजली गिरने और आंधी पर तैयारियों की समीक्षा
सुल्तानपुर में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए डीएम इंद्रजीत सिंह ने बुधवार दोपहर 2:30 बजे संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मौसम की स्थिति और आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान को लेकर येलो और अर्जेंट अलर्ट जारी किया है। डीएम ने सभी विभागों को अलर्ट रहने, कार्ययोजना तैयार रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरी संसाधन, उपकरण, वाहन और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। राजस्व विभाग को सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश देने को कहा गया। जर्जर इमारतों और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर जरूरी कदम उठाने के साथ लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों को ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक मौसम की चेतावनी पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जनहानि, पशुहानि या मकान और फसल को नुकसान होने पर तत्काल आकलन कर रिपोर्ट देने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की तैयारी रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपदा में घायल लोगों को तुरंत इलाज मिल सके। विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति बाधित होने या बिजली के तारों और खंभों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए टीमें तैयार रखने को कहा गया। विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफार्मरों और संवेदनशील लाइनों की निगरानी करने के साथ टूटे तारों और क्षतिग्रस्त खंभों से लोगों को दूर रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए समय से एडवाइजरी जारी करने को कहा गया। आकाशीय बिजली के दौरान खेतों, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग और डायल-112 को आपातकालीन सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया। सार्वजनिक उद्घोषणा वाहनों से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी जानकारी का प्रचार-प्रसार करने तथा अफवाहों पर निगरानी रखते हुए लोगों तक सही और आधिकारिक जानकारी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User