सहारनपुर में 4 स्टोन क्रेशरों के लाइसेंस सस्पेंड:अवैध भंडारण पर 1.37 करोड़ रुपए जमा कराने के निर्देश
सहारनपुर में अवैध खनन और उपखनिज के अनियमित भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बेहट तहसील क्षेत्र में जांच के दौरान चार स्टोन क्रेशरों पर निर्धारित नियमों के विपरीत उपखनिज भंडारित मिलने के मामलों में डीएम ने सभी चार क्रेशरों के भंडारण लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। साथ ही संबंधित क्रेशर संचालकों को कुल 1 करोड़ 37 लाख 31 हजार 200 रुपये की धनराशि जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
खनन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने 1 अक्टूबर 2026 की रात बेहट तहसील क्षेत्र में स्टोन क्रेशरों की जांच की थी। जांच में चार क्रेशरों के भंडारण स्थलों पर बड़ी मात्रा में उपखनिज मिला। इसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रशासन के अनुसार,दो क्रेशर संचालकों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए,जबकि दो संचालकों ने जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद गुरुवार को लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
ग्राम मसूदपुर गढ़ स्थित मैसर्स हिमालय स्टोन क्रेशर के भंडारण स्थल पर 6,431 घनमीटर उपखनिज अवैध खनन या परिवहन से संबंधित पाया गया। इससे 66,73,760 रुपये की राजस्व क्षति आंकी गई। संचालक को 3 अक्टूबर को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कार्यालय में प्रस्तुत जवाब के साथ आवश्यक साक्ष्य नहीं मिले।
ग्राम बरथा कोरसी स्थित मैसर्स सम्राट स्टोन क्रेशर पर 1,995 घनमीटर उपखनिज मिला। इस मामले में 24,15,200 रुपये की राजस्व क्षति परिलक्षित हुई। संचालक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसी गांव में स्थित मैसर्स ताशु स्टोन क्रेशर पर 1,183 घनमीटर उपखनिज मिला। इससे 16,35,680 रुपये की राजस्व क्षति आंकी गई। नोटिस जारी होने के बावजूद संचालक ने कोई जवाब नहीं दिया।
ग्राम बस्ता कोरसी स्थित मैसर्स मोहर सिंह एंड कंपनी के स्टोन क्रेशर पर 2,611 घनमीटर उपखनिज अधिक भंडारित मिला। जांच में 4,17,760 रुपये रॉयल्टी, 20,88,800 रुपये खनिज मूल्य और पांच लाख रुपये अर्थदंड सहित कुल 30,06,560 रुपये की धनराशि निर्धारित की गई। संचालक ने नोटिस के बावजूद स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया।
प्रशासन ने चारों क्रेशरों के भंडारण लाइसेंस निलंबित करते हुए संबंधित धनराशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के बाद खनन कारोबारियों में हलचल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)