विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया:संविधान दिवस पर ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम; जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया आयोजन

Nov 26, 2026 - 15:13
0
विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया:संविधान दिवस पर ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम; जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया आयोजन
मथुरा में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संस्कार पब्लिक स्कूल, महोली रोड इंडस्ट्रियल एरिया में ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का आयोजन उच्च न्यायालय, इलाहाबाद, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश विकास कुमार ने की। इस दौरान विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का एक स्वर में वाचन करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित अधिकारों के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। विद्यार्थियों को संविधान के निर्माण, उसके मूल उद्देश्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया गया। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व के बारे में बताते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। उन्हें निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ विकसित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। सामूहिक प्रस्तावना वाचन के माध्यम से संविधान की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User