बरेली को मिली आईटी पार्क की बड़ी सौगात:सीबीगंज में 18.25 करोड़ से तैयार एसटीपीआई का केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया भव्य उद्घाटन

Nov 26, 2026 - 13:49
0
बरेली को मिली आईटी पार्क की बड़ी सौगात:सीबीगंज में 18.25 करोड़ से तैयार एसटीपीआई का केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया भव्य उद्घाटन
लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को बरेली के युवाओं और तकनीकी क्षेत्र के लिए विकास का एक नया अध्याय जुड़ गया। सीबीगंज में बनकर तैयार हुए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) यानी आईटी पार्क का केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने विधिवत उद्घाटन किया। बरेली के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे अब शहर की पहचान सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी मजबूत होगी। इस ऐतिहासिक मौके पर बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, मेयर डॉ. उमेश गौतम और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। दो एकड़ में फैला है आधुनिक परिसर, डेटा सेंटर की भी सुविधा प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी आईटी पार्क के निर्माण के लिए एसटीपीआई को करीब दो एकड़ जमीन 30 साल की लीज पर उपलब्ध कराई थी। मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2024 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। 18.25 करोड़ रुपये के बजट से तैयार हुए इस आधुनिक परिसर में कंपनियों और उद्यमियों की जरूरत के हिसाब से डेटा सेंटर और इंक्यूबेशन सेंटर विकसित किए गए हैं। इसके अलावा यहां भव्य ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग रूम और कैफेटेरिया जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मौजूद हैं, जो काम करने के लिए बेहतरीन माहौल प्रदान करेंगी। पलायन रुकेगा, स्टार्टअप और रोजगार को लगेंगे पंख आईटी पार्क के शुरू होने से बरेली और आसपास के जिलों के युवाओं को सबसे बड़ा फायदा होगा। अब तक आईटी सेक्टर में करियर बनाने के लिए युवाओं को नोएडा, दिल्ली, बेंगलुरु या पुणे जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपने ही शहर में काम करने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। स्थानीय प्रतिभाओं का पलायन रुकेगा और शहर में तकनीकी उद्यमिता का नया माहौल तैयार होगा। कंपनियों को तीन साल किराए में छूट, युवाओं को सस्ती जगह देशभर की नामी आईटी कंपनियां अब बरेली के इस पार्क में अपने कार्यालय खोल सकेंगी। निवेश और कंपनियों को आकर्षित करने के लिए सरकार ने शुरुआती तीन साल तक किराए में विशेष छूट देने का प्रावधान किया है, जिसके चलते कई कंपनियों ने अधिकारियों से संपर्क साधना भी शुरू कर दिया है। वहीं, अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को यहां न्यूनतम दरों पर कार्यालय की जगह, हाई-स्पीड इंटरनेट और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने व्यावसायिक विचारों को आसानी से धरातल पर उतार सकेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User