उत्तराखंड के गायक का लखनऊ की मेयर ने सम्मान किया:स्मृति चिह्न भेंट किया; लोकगायक ने ‘थलकी बाजार’ और ‘यो मेरो पहाड़’ गीत सुनाए
लखनऊ के उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पहाड़ की खूबसूरती जब गीतों में उतरी तो पूरा माहौल देवभूमि के रंग में रंग गया। ‘थलकी बाजार’ और ‘यो मेरो पहाड़’ जैसे लोकप्रिय गीतों से पहचान बनाने वाले लोकगायक, संगीतकार और लेखक बीके सामंत का रविवार को लखनऊ में सम्मान किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट क सम्मानित किया। भारतीय पर्वतीय महासभा (बीपीएमएस) के पंतनगर कॉलोनी स्थित प्रधान कार्यालय में बीके सामंत का आगमन हुआ। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सामंत ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी। कुमाऊंनी लोकभाषा, पहाड़ की प्रकृति और वहां के जनजीवन को दर्शाते गीतों ने मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतों के जरिए उत्तराखंड की मिट्टी और संस्कृति की झलक देखने को मिली। लोक विरासत को बचाने पर चर्चा कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोककला, लोकसंगीत और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर चर्चा हुई। सामंत ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। लोक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। इसके बाद महासभा के पदाधिकारियों के साथ बीके सामंत ने महापौर सुषमा खर्कवाल के कैंप कार्यालय पहुंचकर उनसे मुलाकात की। महापौर ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और स्मृति-चिह्न भेंट किया। इस दौरान पर्वतीय समाज के हितों और सामाजिक सरोकारों पर भी बातचीत हुई। संस्कृति ही हमारी पहचान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकसंगीत हमारी पहचान और अमूल्य विरासत हैं। बीके सामंत जैसे कलाकारों ने अपने गीतों और लेखनी के माध्यम से देवभूमि की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाया है। महासभा इस विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार काम करती रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक पान सिंह भंडारी, उपाध्यक्ष अमित पांडे, संयुक्त सचिव रजनीश डोबरियाल, मोहन चंद्र जोशी, सांस्कृतिक मंत्री गिरिश जोशी और जिला संगठन सचिव कृष्णा डालाकोटी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)