वकील को हवालात में रखा, तीन पुलिसकर्मियों पर FIR:कोर्ट के आदेश पर हुआ दर्ज, 1 घंटे तक बंद रखा था
पीलीभीत की जहानाबाद कोतवाली में अधिवक्ता को हवालात में बंद कर मारपीट करने के आरोप में SHO समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे FIR दर्ज की गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता रामानुज सैनी की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई हुई। FIR में प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह, आरक्षी मनोज कुमार और मुख्य आरक्षी मोहम्मद इरफान को नामजद किया गया है। पुलिस अधिकारी मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। विवाद के बाद हवालात में बंद करने का आरोप रामानुज सैनी के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह एक मामले में बातचीत करने जहानाबाद कोतवाली पहुंचे थे। वहां आरक्षी मनोज कुमार से बातचीत के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि मनोज ने उनसे अभद्र भाषा में बात की। उन्होंने मुख्य आरक्षी मोहम्मद इरफान से इसकी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अधिवक्ता का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन हवालात में बंद कर दिया। करीब 1 घंटा 17 मिनट तक हिरासत में रखकर उनके साथ मारपीट की गई। साथी अधिवक्ता से भी अभद्रता का आरोप रामानुज को तलाशते हुए उनके साथी अधिवक्ता आमिर खान कोतवाली पहुंचे। आमिर ने हिरासत में रखने की वजह पूछी तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। रामानुज सैनी का आरोप है कि हवालात से निकालते समय दबाव बनाकर उनसे एक पत्र लिखवाया गया। सामान लौटाते समय भी उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने और भविष्य खराब करने की चेतावनी दी गई। CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग अधिवक्ता ने कोर्ट से कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर FIR दर्ज की गई है। निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों से बात कर मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)