पोस्टमार्टम में सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि:हरदोई में युवक के शरीर पर लाठी के 5 निशान मिले
हरदोई में देहात कोतवाली क्षेत्र के महुईपुरी गांव में गुड्डू उर्फ शेखरन की मौत के मामले में शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, गुड्डू (50) की मौत सिर की हड्डी टूटने और गंभीर चोट लगने से हुई। उनके शरीर पर पांच जगह लाठी के स्याह निशान मिले। निशान पीठ के दाएं और बाएं निचले हिस्से, बाएं कान के नीचे गर्दन और दाहिने पैर के टखने पर थे। बाईं आंख के ऊपर गहरा घाव भी मिला। घटना शुक्रवार देर रात की है। गुड्डू के बेटे पिंकू के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले तीन सगे भाइयों राजकिशोर, प्रेमपाल और सोमपाल से उनके परिवार की पुरानी रंजिश थी। शुक्रवार रात प्रेमपाल के घर उसके बहनोई मुन्ना की पांच वर्षीय बेटी सोना का जन्मदिन मनाया जा रहा था। मुन्ना फर्रुखाबाद जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के रहने वाले हैं। पिंकू ने बताया कि जन्मदिन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने पर गुड्डू और उन्होंने विरोध किया था। इसके बाद पिंकू गांव की परचून की दुकान पर गुटखा लेने गए। वहां नशे की हालत में सोमपाल, प्रेमपाल, राजकिशोर और मुन्ना ने उनसे गाली-गलौज की।
गुड्डू, उनकी पत्नी ज्ञाना और बेटा रोहित वहां पहुंचे और विरोध किया। आरोप है कि चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान ज्ञाना और रोहित भी घायल हो गए। रात करीब 11 बजे सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में गुड्डू को मृत घोषित कर दिया गया। गुड्डू सूप बेचकर परिवार चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटे और पांच बेटियां हैं। सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में 4 लाठियों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पांचवें आरोपी की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)