युवकों की कार नैनीताल में 50फीट गहरी खाई में गिरी:बरेली के एक युवक की मौत, 4 लोग घायल, ट्रक की साइड लगने से हादसा, कैंची धाम जा रहे थे

Nov 12, 2026 - 20:05
0
युवकों की कार नैनीताल में 50फीट गहरी खाई में गिरी:बरेली के एक युवक की मौत, 4 लोग घायल, ट्रक की साइड लगने से हादसा, कैंची धाम जा रहे थे
उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे बरेली के पांच युवकों की कार नैनीताल जिले के भवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। एक ट्रक की साइड लगने से कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में बरेली के भुता क्षेत्र के 19 वर्षीय युवक संदीप शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ट्रक की टक्कर से बिगड़ा संतुलन, 50 फीट नीचे गिरी कार बरेली के पांचों युवक कार (नंबर UP25EJ4586) में सवार होकर बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए कैंची धाम जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार भवाली थाना क्षेत्र में पहुंची, सामने या बगल से गुजर रहे एक ट्रक की कार को जोरदार साइड लग गई। अचानक हुई इस टक्कर से चालक कार पर अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही भवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी युवकों को खाई से बाहर निकाला। हादसे में भुता क्षेत्र के मनकापुर गांव निवासी संदीप शर्मा (19) पुत्र रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शेखापुर निवासी अनुज तिवारी (30) पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, संचित तिवारी (25) पुत्र हृदयनारायण तिवारी, मनकापुर निवासी रवि (22) पुत्र दिनेश मौर्य और सनी (22) पुत्र स्वर्गीय तेजराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सूचना पाकर पहुंचे परिजन चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए बरेली ले आए, जहां उन्हें रोहिलखंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, संदीप की मौत की खबर जैसे ही मनकापुर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User