नोटिस के विरोध में फल-सब्जी मंडी के व्यापारियों में रोष:इटावा में मंडी बंद करने की चेतावनी, डीएम से शिकायत करेंगे
इटावा में नवीन मंडी स्थित फल एवं सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाने के लिए जारी नोटिसों को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। मंडी समिति के अधिकारियों की ओर से कथित रूप से दुकानों और प्लेटफॉर्म खाली करने के नोटिस चस्पा किए जाने के विरोध में व्यापारियों ने गुरुवार सुबह 11 बजे प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मंडी बंद करने को मजबूर होंगे। मंडी अध्यक्ष राजकुमार कुशवाह ने बताया कि उनका परिवार और अन्य व्यापारी पिछले 20 से 30 वर्षों से मंडी में कारोबार कर रहे हैं। उनके पिता और दादा भी इसी कारोबार से जुड़े रहे हैं। मंडी की स्थापना के समय व्यापारियों को लाइसेंस जारी करने के साथ भूखंड आवंटित किए गए थे। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर निर्धारित स्थान से हटाकर प्लेटफॉर्म पर बैठाया गया था। व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने हर बार अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया। व्यापारियों ने लोहे की जाली लगवा ली अध्यक्ष के मुताबिक, शुरुआत में किसानों की बची हुई उपज को सुरक्षित रखने और गायों से बचाव के लिए टट्टर लगाए गए थे। करीब दो-तीन साल बाद टट्टर में आग लगने की घटना हुई तो अधिकारियों के कहने पर व्यापारियों ने लोहे की जाली लगवा ली। उनका दावा है कि यह व्यवस्था अधिकारियों के निर्देश पर ही की गई थी। व्यापारी लगातार मंडी टैक्स देते रहे हैं और किराया भी जमा करते आए हैं। व्यापारियों ने बताया कि पिछले सात-आठ वर्षों से मंडी समिति की ओर से किराया नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में वे किराये की धनराशि न्यायालय में जमा कर रहे हैं। इसके बावजूद अब उन्हें अतिक्रमणकारी बताकर स्थान खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। राजकुमार कुशवाह ने बताया कि 24 नवंबर को जारी नोटिस में प्लेटफॉर्म सहित अन्य स्थानों को अवैध बताते हुए खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडी में लगभग 250 लाइसेंसधारी व्यापारी उनके अनुसार, करीब 175 दुकानों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि मंडी में लगभग 250 लाइसेंसधारी व्यापारी हैं। इनमें से केवल 55 दुकानों को ही मान्य बताया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)