छठ पूजा को लेकर घाटों पर पिंड बनाए:साफ सफाई के बाद किया रंग रोगन, कागज पर अपना नाम भी लिखकर चिपकाया
गोंडा जिले में शुक्रवार से शुरू होने वाले छठ पूजा महापर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गोंडा मुख्यालय सहित जिले के 51 अलग-अलग स्थानों पर महिलाएं और पुरुष धूमधाम से यह पर्व मनाएंगे। पर्व की तैयारियों की एक तस्वीर गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे गोंडा के खैरा भवानी मंदिर स्थित पोखरे के घाट पर देखने को मिली। यहां महिलाओं और पुरुषों ने 150 से अधिक पिंड बनाए हैं। श्रद्धालु अपने-अपने पिंडों को रंग-बिरंगे तरीके से सजा रहे हैं। साथ ही कागज पर अपना नाम लिखकर गोंद की मदद से पिंडों पर चस्पा कर रहे हैं, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति उनके पिंड पर खड़े होकर पूजा न कर सके। शुक्रवार शाम महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ इन्हीं पिंडों पर खड़े होकर छठ पूजा करेंगी। खैरा भवानी मंदिर के पोखरे पर साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया गया है। घाटों की सफाई के साथ ही प्रकाश की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर पार्किंग, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में त्वरित मदद के लिए घाटों पर गोताखोरों की टीमें और एसडीआरएफ के जवान तैनात किए गए हैं। छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। त्योहार के दौरान यातायात या अन्य किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए नगर कोतवाल को रूट चार्ट तैयार करने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोंडा की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि इस बार भी छठ पूजा का पर्व बिना किसी रुकावट के सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि गोंडा मुख्यालय सहित जिले के 51 स्थानों पर धूमधाम से छठ पूजा मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों के साथ सफाईकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि कहीं भी गंदगी न रहे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए सोशल मीडिया सेल को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)