आगरा में दिवाली पर बिकीं 65 करोड़ की मिठाई:बूंदी लड्डू और काजू कतली रही ग्राहकों की पसंद, गिफ्ट हैंपर्स की भी रही मांग

Nov 09, 2026 - 07:15
0
आगरा में दिवाली पर बिकीं 65 करोड़ की मिठाई:बूंदी लड्डू और काजू कतली रही ग्राहकों की पसंद, गिफ्ट हैंपर्स की भी रही मांग
दीपावली पर आगरा में व्यापारियों के अनुसार करीब 65 करोड़ रुपये का मिठाई कारोबार हुआ। इस बार काजू कतली और बूंदी के लड्डू ग्राहकों की पहली पसंद रहे। मिठाई की दुकानों पर छोटी दीपावली की सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। खरीदारी का यह सिलसिला दीपावली की शाम तक जारी रहा। शहर से लेकर देहात तक मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोगों ने घरों में बांटने, रिश्तेदारों को देने और कॉरपोरेट गिफ्टिंग के लिए जमकर मिठाइयां खरीदीं। इसके साथ ही चॉकलेट, ड्राई फ्रूट और मिठाइयों के गिफ्ट हैंपर की भी खूब मांग रही। कई दुकानों पर शाम होते-होते मिठाइयों का स्टॉक खत्म हो गया। इस बार ग्राहकों ने देसी घी और मेवे से बनी मिठाइयों को प्राथमिकता दी। काजू कतली और बूंदी के लड्डू सबसे ज्यादा पसंद किए गए। इनके अलावा डोडा बर्फी, मगदल, पिस्ता रोल, मेवा बाइट, पिस्ता बर्फी और मोतीचूर के लड्डू की भी अच्छी बिक्री हुई। कॉरपोरेट गिफ्टिंग के लिए चॉकलेट और ड्राई फ्रूट के गिफ्ट हैंपर भी खूब खरीदे गए। काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश, छुहारा और खुबानी के आकर्षक पैक लोगों की पसंद रहे। वृजभोग के दिवाकर ने बताया कि इस बार देसी घी और मेवे से बनी मिठाइयों की सबसे ज्यादा मांग रही। ग्राहकों ने खासतौर पर डोडा, मगदल, काजू कतली और मेवा बाइट पसंद की। रोज रात को ताजा मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। सुबह दुकान खुलने के कुछ समय बाद ही काउंटर खाली होने लगते थे। बृज रसायन के व्यापारी उमेश गुप्ता ने बताया कि इस बार बूंदी के लड्डू और काजू बर्फी की सबसे ज्यादा मांग रही। इसके अलावा बाकलावा, कोको एम लड्डू, ब्लूबेरी लड्डू और चॉकलेट लड्डू भी ग्राहकों को पसंद आए। वहीं, मिठाई कारोबार से जुड़े व्यापारियों के अनुसार इस बार सोने की परत वाले पेड़े की भी काफी मांग रही। खास मिठाई होने के कारण ग्राहकों ने इसे खूब पसंद किया। गुणवत्ता को लेकर ग्राहक सतर्क मिठाइयों की खरीदारी के दौरान ग्राहक गुणवत्ता को लेकर भी सतर्क नजर आए। शास्त्रीपुरम के उत्तम सिंह नरवार ने बताया कि उन्होंने भरोसेमंद दुकान से ही मिठाई खरीदी, जहां मिलावट की आशंका न हो। वहीं, लोहामंडी के मनीष कुमार ने बताया कि वे हर साल प्रतिष्ठित और भरोसेमंद दुकान से ही मिठाई खरीदते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User