आगरा पुलिस ने 165 किलो अवैध पटाखे पकड़े:आवासीय इलाके में छिपाकर रखे थे,पुलिस की छापे मार कार्रवाई में एक गिरफ्तार

Nov 06, 2026 - 17:36
0
आगरा पुलिस ने 165 किलो अवैध पटाखे पकड़े:आवासीय इलाके में छिपाकर रखे थे,पुलिस की छापे मार कार्रवाई में एक गिरफ्तार
दीवाली से पहले आवासीय इलाके में अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री पर छत्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सिंधी गली स्थित एक मकान से करीब 165 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश और डीसीपी नगर के निर्देशन में त्योहारों को देखते हुए अवैध आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को एसीपी छत्ता के पर्यवेक्षण में थाना छत्ता पुलिस टीम क्षेत्र में पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधी गली स्थित एक मकान में अवैध आतिशबाजी का भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। मकान की तलाशी में छोटे-बड़े करीब 165 किलो पटाखे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आवासीय क्षेत्र में पटाखे रखकर लोगों की जान को खतरे में डाला जा रहा था। मौके से आरोपी सक्षम गुप्ता पुत्र स्व. दीप कुमार गुप्ता निवासी कायस्थ गली, सिंधी गली थाना छत्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना छत्ता में मुकदमा अपराध संख्या 159/2026, धारा 288 बीएनएस व धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री पर सख्त नजर रखी जा रही है। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User