मैनपुरी में ड्यूटी नहीं संभालने वाले तीन BLO सस्पेंड:DM बोले- 11 दिन में मिले 37 हजार फॉर्म-6; 2.27 लाख नए वोटरों के नाम जुड़ेंगे
मैनपुरी में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। करहल में ड्यूटी लगाने के बावजूद काम नहीं संभालने वाले तीन BLO के खिलाफ निलंबन और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इन कर्मचारियों की वजह से तीन से चार दिन तक अभियान का काम प्रभावित रहा। इससे पहले भी एक BLO के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि करहल में तीन BLO की जगह दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन उन्होंने जानबूझकर ड्यूटी नहीं संभाली। इस पर तीनों के खिलाफ निलंबन और दंड की कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने चेतावनी दी कि जो कर्मचारी जानबूझकर फील्ड में नहीं जाएंगे या निर्धारित लक्ष्य पूरा करने में लापरवाही करेंगे, उनके मानदेय और नियमित कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जाएगी। गंभीर लापरवाही मिलने पर आगे भी कार्रवाई होगी। 11 दिन में 37 हजार फॉर्म-6 मिले डीएम ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और गलतियां सुधारने का अभियान तेजी से चल रहा है। 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 27 नवंबर तक 11 दिनों में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 37 हजार फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। मृतक, डुप्लीकेट और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 2,051 फॉर्म-7 मिले हैं। वहीं, नाम, उम्र, संबंध और मकान नंबर में संशोधन के लिए करीब 3,900 फॉर्म-8 प्राप्त हुए हैं। 2.27 लाख नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य डीएम के मुताबिक, ईपी रेशियो के आधार पर जिले में करीब 2.27 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए करीब 1.90 लाख लोगों के नामों पर काम किया जा रहा है। BLO और ग्राम व नगर स्तरीय टीमें घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के मुखिया से लिखित जानकारी भी ली जा रही है कि उसके परिवार में कोई पात्र मतदाता नाम जुड़वाने से छूटा तो नहीं है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)