अंतिम संस्कार से लौट रहे युवक की हादसे में मौत:रामपुर में दो बाइकों की भिड़ंत; एक घायल, जिला अस्पताल से रेफर
रामपुर में अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में उनकी जान चली गई, जबकि दूसरी बाइक सवार घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना मिलक खानम थाना क्षेत्र के सैंट मैरी स्कूल के सामने हुई। पढ़िए पूरा मामला मृतक छत्रपाल बदायूं जिले की दातागंज तहसील के गांव नौनी टीकन्ना के रहने वाले थे। वह अपनी तहेरी सास गंगा देवी का अंतिम संस्कार करने के बाद डिलारी लौट रहे थे। इसी दौरान मिलक खानम क्षेत्र में सेंट मैरी स्कूल के सामने उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छत्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हरिराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ताई ने बचपन से पाला, अब पति का भी साथ छूटा छत्रपाल की पत्नी मीना ने बताया कि बचपन में बीमारी के कारण उनके पिता की मौत हो गई थी। मां भी उन्हें छोड़कर मायके चली गई थीं। इसके बाद उनकी तहेरी ताई और ताऊ ने ही उन्हें पाला और शादी कराई थी। ताई की मौत के बाद वह पति के साथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने आई थीं। उन्हें क्या पता था कि अंतिम संस्कार से लौटते समय पति की भी हादसे में जान चली जाएगी। छत्रपाल खेतीबाड़ी करते थे। परिवार में पत्नी मीना, आठ साल का बेटा प्रियांशु, छह साल का बेटा रुद्रांश और डेढ़ साल की बेटी भव्या है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)