नमो घाट पर काशी गंगा महोत्सव की दूसरी निशा:समारोह स्थल पर पसरा सन्नाटा, खाली कुर्सियों के बीच गूंजे सुर
धर्म और संस्कृति की नगरी काशी के नमो घाट पर आयोजित किए जा रहे 'काशी गंगा महोत्सव' के दूसरे दिन एक चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला। महोत्सव की दूसरी निशा में जहां एक ओर मंच पर नामी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर दर्शक दीर्घा में सन्नाटा पसरा रहा। घाट पर लगी अधिकांश कुर्सियां खाली नजर आईं, जिससे पूरे आयोजन स्थल की रौनक फीकी पड़ गई। कुछ सोफों पर लोग नजर आ रहे हैं। आयोजकों के माथे पर दिखी चिंता की लकीरें
भव्य स्तर पर आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव में दर्शकों की नाममात्र की मौजूदगी ने आयोजकों की नींद उड़ा दी है। कार्यक्रम शुरू होने के काफी देर बाद तक जब लोग नहीं पहुंचे, तो आयोजकों के माथे पर चिंता की साफ लकीरें देखी गईं। आयोजन समिति के सदस्य और वॉलंटियर्स खाली कुर्सियों को देखकर असहज नजर आए। भीड़ जुटाने और माहौल बनाने की कोशिशें भी नाकाम रहीं, जिसके चलते पूरा पंडाल खाली-खाली सा दिखाई दिया। बिना श्रोताओं के कलाकारों ने दी प्रस्तुति
महोत्सव के मंच पर अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे कलाकारों के लिए यह स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण रही। आमतौर पर कलाकारों का उत्साह दर्शकों की तालियों और 'वाह-वाह' से बढ़ता है, लेकिन यहां सामने सिर्फ खाली कुर्सियां थीं। इसके बावजूद कलाकारों ने अपनी साधना और पेशेवर अंदाज को कायम रखते हुए पूरे जोश के साथ परफॉर्मेंस दी। 'हमारा परफॉर्मेंस बाबा विश्वनाथ के लिए है'
खाली पंडाल को लेकर जब मंच पर मौजूद कलाकारों से बात की गई, तो उन्होंने बेहद भावुक और आध्यात्मिक जवाब दिया। कथक नृत्यांगना अदिति शर्मा ने कहा कि काशी की इस पावन धरती पर दर्शकों की संख्या उनके लिए मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा, हमारा यह परफॉर्मेंस किसी भीड़ के लिए नहीं, बल्कि स्वयं बाबा विश्वनाथ के चरणों में समर्पित है। काशी में अपनी कला प्रस्तुत करना ही हमारे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। पहले दिन 'भजन क्लबिंग' में उमड़ी थी भारी भीड़
महोत्सव के दूसरे दिन की यह वीरानी इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि पहले दिन का नजारा इसके बिल्कुल उलट था। महोत्सव की पहली शाम को 'भजन क्लबिंग' का आयोजन किया गया था, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से सैकड़ों युवाओं की भारी भीड़ जुटाई गई थी। युवा संगीत की धुनों पर झूमते नजर आए थे और पूरा नमो घाट खचाखच भरा हुआ था। पहले दिन के कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री जादोश पटेल भी विशेष रूप से शामिल हुए थे, जिससे कार्यक्रम में काफी चहल-पहल और राजनीतिक सक्रियता भी देखने को मिली थी। व्यवस्था और प्रचार-प्रसार पर उठे सवाल
पहले दिन की भारी भीड़ के मुकाबले दूसरे दिन का यह सन्नाटा अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों और कला प्रेमियों का मानना है कि बिना संगठित भीड़ जुटाए आम जनता को घाट तक खींचने में आयोजक पूरी तरह विफल रहे। प्रचार-प्रसार की कमी और आम लोगों के बीच जानकारी के सतह ही साथ मौसम की मार भी खाली कुर्सियों की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। बहरहाल, बाबा विश्वनाथ के नाम पर कलाकारों ने तो अपनी प्रस्तुति से समां बांधने की पूरी कोशिश की, लेकिन खाली कुर्सियों ने इस भव्य आयोजन की चमक को कुछ हद तक फीका जरूर कर दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)