अपराधियों में डर और जनता में सुरक्षा का भरोसा हो:यूपी पुलिस के 75वें झंडा दिवस पर बोले DGP, सड़क हादसों में मौतें 10% घटीं
उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने 75वें झंडा दिवस पर कानून-व्यवस्था से लेकर तकनीक और सड़क सुरक्षा तक की उपलब्धियां गिनाईं। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा ने कहा कि पुलिस की वर्दी ऐसी होनी चाहिए, जिससे अपराधियों के मन में कानून का डर और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का भरोसा पैदा हो। इसके लिए पुलिस को सख्ती के साथ संवेदनशीलता भी रखनी होगी। तकनीक पुलिस का सामर्थ्य है, जबकि नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता उसका संस्कार है। सोमवार को पुलिस झंडा दिवस के मौके पर DGP राजीव कृष्णा ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुलिस झंडा स्टीकर लगाया और पुलिस ध्वज का प्रतीक चिह्न भेंट किया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ध्वज को सलामी दी गई। पुलिस बैंड ने 'सारे जहां से अच्छा' की धुन बजाई। DGP ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस को उत्कृष्ट कार्यकुशलता, साहस और समर्पित सेवा के लिए पुलिस कलर प्रदान किया था। यह सम्मान पाने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल है। लाल और नीले रंग का पुलिस ध्वज शक्ति, निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। 2017 से अब तक 2.26 लाख से ज्यादा भर्तियां DGP ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश पुलिस में 2 लाख 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। इससे पुलिस बल को नई क्षमता और ऊर्जा मिली है। प्रदेश के करीब 25 करोड़ नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर है। अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत माफिया, जघन्य अपराध और साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऑपरेशन कन्विक्शन में 1.64 लाख अभियुक्तों को सजा DGP ने ऑपरेशन कन्विक्शन को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2023 से 18 नवंबर 2026 तक इस अभियान के तहत 1 लाख 64 हजार 917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है। यह प्रभावी विवेचना, अभियोजन से समन्वय और अदालतों में मजबूत पैरवी का नतीजा है। पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिग डेटा आधारित यक्ष ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे अपराध नियंत्रण और पुलिसकर्मियों को बेहतर निर्णय लेने में मदद मिल रही है। ट्रैफिक जाम के पॉइंट 64% घटे DGP ने बताया कि RTC (रेड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन) योजना के तहत यूपी गति प्लेटफॉर्म पर गूगल के रियल टाइम ट्रैफिक डेटा से प्रमुख मार्गों पर जाम की निगरानी की जा रही है। मार्च 2026 में इस प्लेटफॉर्म पर 16,723 कंजेशन पॉइंट थे, जो अक्टूबर में घटकर 6,080 रह गए। यानी करीब 64% की कमी आई है। सड़क दुर्घटनाओं में मौतें रोकने के लिए जीरो फटालिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) योजना भी लागू की गई है। इसके तहत प्रदेश से लेकर जिला, थाना, क्रिटिकल कॉरिडोर और ब्लैक स्पॉट स्तर तक निगरानी की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप 2025 की तुलना में अक्टूबर 2026 तक सड़क दुर्घटनाओं में 9% और इनमें होने वाली मौतों में 10% की कमी दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, इन प्रयासों से 1,000 से अधिक लोगों की जान बचाई जा सकी है। हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र, साइबर ठगी पर 1930 से मदद महिला सुरक्षा के लिए वर्ष 2025 में प्रदेश के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां महिला पीड़ितों को शिकायत दर्ज कराने से लेकर कानूनी मदद, काउंसलिंग, संरक्षण और पुनर्वास तक की सुविधा दी जा रही है। वहीं साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 का प्रचार किया जा रहा है। प्रत्येक थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को साइबर ठगी से बचाने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में DGP ने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवारों का त्याग और सहयोग उनकी सेवा का महत्वपूर्ण आधार है। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने तथा नागरिकों के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)