बागपत में कलेक्ट्रेट में जातिसूचक शब्द लिखी स्कॉर्पियो सीज:डीएम दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर एआरटीओ ने काटा चालान
बागपत के कलेक्ट्रेट परिसर में जातिसूचक शब्द लिखी स्कॉर्पियो गाड़ी दिखाई देने पर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम की नजर पड़ते ही एआरटीओ को मौके पर बुलाया गया और परिवहन विभाग ने गाड़ी को सीज कर दिया। हालांकि, वाहन स्वामी द्वारा जुर्माना जमा कराने और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन देने के बाद गाड़ी छोड़ दी गई। दरअसल, बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी पहुंची थी। गाड़ी पर बड़े अक्षरों में जातिसूचक शब्द लिखा हुआ था। इसी दौरान जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की नजर गाड़ी पर पड़ गई। उन्होंने इसे सार्वजनिक मर्यादा के विपरीत मानते हुए तत्काल एआरटीओ विपिन कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर एआरटीओ विपिन कुमार मौके पर पहुंचे और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। इसके बाद वाहन स्वामी ने निर्धारित जुर्माना राशि जमा कराई। साथ ही भविष्य में वाहन पर इस तरह के जातिसूचक शब्द नहीं लिखवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद गाड़ी को छोड़ दिया गया।एआरटीओ विपिन कुमार ने बताया कि वाहनों पर जाति, धर्म, पद या किसी प्रकार के अनधिकृत शब्द और संदेश लिखवाना नियमों का उल्लंघन है। वाहनों की नंबर प्लेट पर भी निर्धारित मानकों के विपरीत किसी तरह का बदलाव या अतिरिक्त सामग्री लगाना प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कें और सरकारी परिसर सभी नागरिकों के लिए समान हैं। यहां जातिगत प्रदर्शन या रौब दिखाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)