बालूघाट पर 5100 दीप जलाए गए:प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी और विधायक पंकज गुप्ता ने की मां गंगा की आरती
उन्नाव में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार रात बालूघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विधि-विधान से मां गंगा की भव्य महाआरती की। गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। 5100 दीपों के दान से घाट रोशनी से जगमगा उठा। नित्य गंगा आरती सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी और विधायक पंकज गुप्ता ने मां गंगा की आरती कर जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी और नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडेय भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने मां गंगा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को नमन करते हुए आयोजन में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान गंगा भक्तों ने गंगा की पावन धारा में 5100 दीपों का दान किया। जैसे ही दीपों की रोशनी जलधारा में दिखाई देने लगी, पूरा घाट दीपों की जगमगाहट से रोशन हो गया। गंगा की लहरों पर तैरते दीपों का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। घाट पर बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने भी आयोजन की सुंदरता बढ़ाई। महाआरती के दौरान शंख और घंटों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मां गंगा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया। देर रात तक घाट पर लोगों की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में गंगा भक्तों, महिलाओं, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। देव दीपावली के इस आयोजन ने बालूघाट पर धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव की छटा बिखेर दी। दीपों की रोशनी, गंगा आरती और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु मां गंगा की भक्ति में लीन नजर आए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)