नई करेंसी का झांसा देकर टप्पेबाज ने 50 हजार उड़ाए:आबूलेन की दुकान में पुरानी करेंसी बदलने की बात की, फिर कारोबारी को जाल में फंसाया
मेरठ में पुरानी करेंसी को नई करेंसी में बदलने का झांसा देकर टप्पेबाज ने आबूलेन बाजार में एक कारोबारी से 50 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी दुकान पर काफी देर बैठकर पहले कारोबारी से बातचीत करता रहा और फिर नई करेंसी आने की बात बताकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद कारोबारी ने अपने कर्मचारी को 50 हजार रुपये देकर आरोपी के साथ भेज दिया। दुकान से करीब 500 मीटर दूर आरोपी कर्मचारी को बातों में उलझाकर रकम लेकर फरार हो गया। काफी देर इंतजार के बाद कर्मचारी वापस दुकान पहुंचा और कारोबारी को पूरी घटना बताई। मामले में सदर बाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। दुकान पर बैठकर बनाया भरोसा
घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन बाजार स्थित चौबे जी चेन हाउस की है। यहां दीपक शर्मा की दुकान है। बुधवार शाम एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा। वह काफी देर तक दुकान में बैठा रहा और सामान देखता रहा। इसी दौरान उसने बताया कि उनके यहां काफी नई करेंसी आई हुई है। उसे गिनते-गिनते हाथ थक गए हैं। बातचीत के दौरान दीपक शर्मा ने भी पुरानी करेंसी को नई करेंसी में बदलने की बात कही। आरोपी ने हामी भर दी और इसी बहाने कारोबारी को अपने झांसे में ले लिया। कर्मचारी को रकम देकर भेजा
बताया जाता है कि बातचीत के बाद दीपक शर्मा ने अपने कर्मचारी को 50 हजार रुपये देकर आरोपी के साथ भेज दिया। आरोपी कर्मचारी को दुकान से करीब 500 मीटर दूर ले गया। वहां उसने कर्मचारी को बातचीत में उलझाया और 50 हजार रुपये लेकर उसे वहीं खड़े होकर इंतजार करने को कहा। कर्मचारी आरोपी के लौटने की उम्मीद में काफी देर तक इंतजार करता रहा लेकिन आरोपी वापस नहीं आया। तीन टीमें गठित, सीसीटीवी खंगाले
काफी देर इंतजार करने के बाद कर्मचारी दुकान पहुंचा और दीपक शर्मा को पूरी घटना बताई। कारोबारी ने सदर बाजार पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल तीन पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके। एसएसपी बोले- जल्द घटना खोली जाएगी
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि टप्पेबाजी की घटना में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की लोकेशन तलाश रही हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)