फिटिंग मिलने पर पेट्रोल पंप की डीलरशिप खत्म नहीं होगी:हाईकोर्ट ने इंडियन ऑयल का फैसला रद्द किया, जांच में नहीं मिले पुख्ता सबूत
पेट्रोल पंप की मशीनों में अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फिटिंग मिलने भर से डीलरशिप खत्म नहीं की जा सकती। इसके लिए यह साबित करना जरूरी है कि फिटिंग डीलर ने लगवाई थी और उससे पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में गड़बड़ी की गई। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने इस आधार पर अलीगंज सर्विस स्टेशन की डीलरशिप खत्म करने का इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का फैसला रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति इरशाद अली की एकल पीठ ने कहा कि जांच के दौरान विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित मिली थीं। इसके बावजूद डीलरशिप खत्म कर दी गई। कॉरपोरेशन यह साबित नहीं कर सका कि मशीनों में मिली अतिरिक्त फिटिंग डीलरों ने लगवाई थी। यह भी साबित नहीं हुआ कि इसका इस्तेमाल ईंधन की आपूर्ति में गड़बड़ी के लिए किया गया। 2017 में जांच के दौरान मिली थी फिटिंग मामले के अनुसार, वर्ष 2017 में संयुक्त निरीक्षण किया गया था। इसमें चार डिस्पेंसिंग यूनिटों के पल्सर कार्ड में अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फिटिंग मिलने की बात कही गई थी। साथ ही, गिलबार्को वीडर-रूट मशीन के एक नोजल से पांच लीटर पेट्रोल की जगह 150 मिलीलीटर कम देने का दावा किया गया था। इसी आधार पर 3 जुलाई 2017 को डीलरशिप खत्म कर दी गई थी। साथ ही सिक्योरिटी राशि भी जब्त कर ली गई थी। जांच रिपोर्ट में भी मिली कमियां डीलरशिप संचालक ने इस कार्रवाई को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इससे पहले तेल उद्योग के विवाद निपटारा पैनल ने 24 मई 2019 को अपील खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने पाया कि पल्सर असेंबली की लैब जांच डीलरशिप खत्म होने के बाद कराई गई थी। गिलबार्को और मिडको मशीनों की जांच रिपोर्ट भी केवल देखकर की गई जांच पर आधारित थी। मशीनों को चलाकर परीक्षण नहीं किया गया था। वहीं, टोकहेम मशीन के जांचे गए कार्ड में कोई खराबी नहीं मिली थी। दोनों आदेश किए रद्द कोर्ट ने कहा कि डीलर की भूमिका साबित किए बिना इतनी बड़ी कार्रवाई नहीं की जा सकती। अदालत ने डीलरशिप खत्म करने के मूल आदेश और अपील खारिज करने वाले आदेश, दोनों को रद्द कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)