भाकियू टिकैत ने सात मांगों पर धरना दिया:दो दिन बाद राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन; एमएसपी की कानूनी गारंटी और कर्जमाफी की मांग

Nov 27, 2026 - 14:47
0
भाकियू टिकैत ने सात मांगों पर धरना दिया:दो दिन बाद राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन; एमएसपी की कानूनी गारंटी और कर्जमाफी की मांग
बरेली में भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं होने और कृषि नीतियां बनाने में उनकी भागीदारी न होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ दो दिन धरना दिया। संगठन ने एमएसपी की कानूनी गारंटी, पूरी कर्जमाफी और किसानों को पेंशन समेत सात सूत्रीय मांगें रखीं। 26 नवंबर को भाईचारा विरोध दिवस पर किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन मंडल आयुक्त को सौंपा। उन्होंने सरकार से मांगों पर कार्रवाई की अपील की। मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह काहलों और चौधरी सोमवीर सिंह के नेतृत्व में हुए धरने में किसानों, कृषि मजदूरों और ग्रामीण कामगारों की समस्याएं उठाई गईं। चौधरी सोमवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने 9 दिसंबर 2021 को किसानों के साथ लिखित समझौते में जो वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कृषि नीतियों पर किसान संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करने की मांग की। किसानों ने बिजली संशोधन विधेयक वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक और भूमि अधिग्रहण बंद करने की मांग की। मजदूरों के लिए चारों श्रम संहिताएं रद्द करने, न्यूनतम मासिक वेतन 42 हजार रुपये करने और मनरेगा में 200 दिन काम के साथ 700 रुपये रोजाना मजदूरी देने की मांग भी रखी। संगठन ने 60 साल से अधिक उम्र के किसानों और कृषि मजदूरों को 21 हजार रुपये मासिक पेंशन देने और ग्रामीण परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग की। इसके अलावा राज्यों के संघीय अधिकारों की रक्षा, राजस्व में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी, अति-धनी लोगों पर कर लगाने और किसान आंदोलन में शहीद किसानों की याद में दिल्ली में स्मारक बनाने की मांग की गई। भाकियू नेताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाना जरूरी है। संगठन ने कहा कि मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User