बिजनौर में 650 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनेगा:16 दिसंबर 2026 से पत्रावलियों का लेन-देन ई-ऑफिस से होगा
बिजनौर में 650 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने का प्रस्ताव तैयार होगा। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने गुरुवार को 4 बजे नगर निकायों की मासिक समीक्षा बैठक में इसके निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्य तय मानकों के अनुसार समय पर पूरे करने को कहा। गुरुवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा विदुर सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अधिशासी अधिकारियों से नगरों के विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे कराने को कहा। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रम किए जा सकेंगे। डीएम ने ऑनलाइन टैक्स कलेक्शन की व्यवस्था एक महीने में पूरी तरह लागू करने और जीआईएस से जुड़े काम प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर 2026 से विभागीय कामों के लिए ऑफलाइन पत्रावलियां स्वीकार नहीं होंगी। पत्रावलियों का लेन-देन और निस्तारण ई-ऑफिस से होगा। डीएम ने नगर निकायों में अवैध कब्जा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अवैध साप्ताहिक बाजारों का संचालन रोकने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगरों में प्रवेश द्वार बनाने, पार्कों का विकास, वृक्षारोपण, इंटरलॉकिंग और सौंदर्यीकरण के काम कराने को कहा। तीन साल से अधिक समय से लंबित ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण दो महीने में करने और अवैध होर्डिंग व यूनिपोल पर रोक लगाने के निर्देश दिए। अधिकृत होर्डिंग और यूनिपोल पर बारकोड लगाना अनिवार्य होगा। गाटा संख्या के अनुसार संपत्ति रजिस्टर भी तैयार किया जाएगा। शीत ऋतु को देखते हुए डीएम ने गोशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, साफ पानी और संरक्षण की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा टॉप-20 बड़े बकाएदारों से राजस्व वसूली, फुटपाथ बेहतर बनाने, नियमित फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने को कहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)