बलरामपुर में 37 स्वास्थ्य शिविरों में 17,890 मरीजों का इलाज:गुरु गोरखनाथ सेवा यात्रा का आगाज, 4 विकासखंडों में लगे शिविर
बलरामपुर में ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और जरूरतमंदों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सातवें संस्करण का रविवार को आगाज हुआ। यात्रा के पहले दिन जिले के अलग-अलग विकासखंडों शिवपुरा, पचपेड़वा, गैसड़ी और तुलसीपुर में कुल 37 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इनमें विभिन्न प्रांतों से आए चिकित्सकों ने 17,890 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया। यात्रा के पहले दिन ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा शिविरों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। गढ़वा, सोंगड़ा, नवलगढ़, हेमपुर गणेशपुर, पिपरहवा चौराहा, लक्ष्मीनगर जनकपुर, दूदवालिया, कुष्महार, प्रेमनगर, पिपरादुर्ग नगर और बघेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए शिविरों में सुबह से ही मरीजों की भीड़ जुटने लगी। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श और उपचार दिया। इस अभियान में विभिन्न प्रांतों से पहुंचे चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें डॉ. शिवम, डॉ. तावसी, डॉ. अर्पित, डॉ. अमूल्य, डॉ. अनीता, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सौरभ, डॉ. विनोद शुक्ला, डॉ. अखिल, डॉ. सूर्यांशु, डॉ. राहुल, डॉ. गुरुतेज और डॉ. डीएन सिंह सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। एनीमिया, मधुमेह और त्वचा रोग के मरीज पहुंचे शिविरों में एनीमिया, मधुमेह, उच्च एवं निम्न रक्तचाप, त्वचा रोग, दंत रोग, नेत्र रोग और पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। वहीं सर्दी, जुकाम, बुखार और खांसी से पीड़ित मरीजों की संख्या भी काफी रही। चिकित्सकों ने जांच और उपचार के साथ लोगों को बीमारियों से बचाव, खानपान और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। पूरे आयोजन में CMO डॉ. मुकेश रस्तोगी के नेतृत्व में स्थानीय स्तर पर विशेष सहयोग मिला। चिकित्सा शिविरों की व्यवस्थाओं और सेवा कार्यों को सुचारु बनाने में स्थानीय स्वास्थ्य विभाग और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। इस दौरान डॉ. विकल्प मिश्रा (सचिव, एनएमओ), प्रांत सचिव डॉ. शिवम मिश्रा, प्रांत प्रवास प्रमुख डॉ. तावसी, विभाग सेवा प्रमुख श्याम सुंदर और खंड कार्यवाह जसवंत यादव ने होमपुर गणेशपुर, पिपरहवा चौराहा, गढ़वा, जमुनी कला और प्रेमनगर सहित विभिन्न शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं से बातचीत कर शिविरों की गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं, यात्रा संयोजक राम कृपाल शुक्ला के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवा अभियान संचालित किया जा रहा है। नमो बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. शरद सिंह ने पचपेड़वा खंड पहुंचकर चिकित्सा शिविरों का जायजा लिया और सेवा कार्यों की जानकारी ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)