मणिकर्णिका घाट पर युवाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान:गंगा की स्वच्छता के लिए आगे आई युवा पीढ़ी, घाटों की सफाई कर दिया संरक्षण का संदेश
वाराणसी में गंगा संरक्षण के अभियान में युवा पीढ़ी (Gen Z) भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। नमामि गंगे योजना से प्रेरित होकर युवा घाटों की सफाई से लेकर डिजिटल माध्यमों से जागरूकता फैलाने तक अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। इसी क्रम में काशी के मणिकर्णिका घाट पर युवाओं ने गंगा सेवक राजेश शुक्ला के साथ मिलकर गंगा तट की सफाई की और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। युवाओं ने स्वच्छता से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को घाटों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया। गंगा संरक्षण में युवाओं की भागीदारी पर जोर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव, युवाओं का उत्साह और बच्चों की भागीदारी एक ही संदेश देते हैं कि गंगा हमारी विरासत है और इसकी स्वच्छता हर पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अभियानों के माध्यम से छात्रों को घाटों की सफाई, वृक्षारोपण और जागरूकता रैलियों से जोड़ा जा रहा है। इससे नई पीढ़ी में नदियों के संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ रही है। स्वच्छता और संरक्षण के प्रयासों पर चर्चा उन्होंने बताया कि घाटों का सौंदर्यीकरण और सीवेज प्रबंधन गंगा की स्वच्छता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के अध्ययन के अनुसार, गंगा में डॉल्फिन की आबादी 2018 में 3,330 दर्ज की गई थी, जो 2026 में बढ़कर 4,501 होने का अनुमान है। युवाओं की भागीदारी को गंगा संरक्षण अभियान के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)