बलरामपुर में मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार:केबल समेत कई उपकरण बरामद, गाजियाबाद के रहने वाले आरोपी

Oct 28, 2026 - 16:05
0
बलरामपुर में मोबाइल टावरों से चोरी करने वाले 2 गिरफ्तार:केबल समेत कई उपकरण बरामद, गाजियाबाद के रहने वाले आरोपी
बलरामपुर में मोबाइल टावरों से कीमती एंटीना, मॉड्यूल और केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली देहात पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने पनहिया गांव स्थित टावर के पास से गाजियाबाद के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने टेक्नीशियन साथी के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों में टावरों को निशाना बनाते थे। उनकी निशानदेही पर केबल के 61 छोटे-बड़े टुकड़ों समेत कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बलरामपुर के तीन और श्रावस्ती के एक मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के मुरादनगर के रहने वाले आशिफ पुत्र नूर इलाही और इकबाल पुत्र अब्दुल सत्तार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमे के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। कई टावरों से उपकरण चोरी करने का आरोप मामला 14 सितंबर की रात ग्रामसभा घुघुलपुर स्थित एयरटेल टावर से तीन एंटीना और वोडाफोन के दो जीएसएम एंटीना चोरी होने से जुड़ा है। इसके अलावा महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के महादेव हरिहर नगर में टावर से करीब 38 मीटर पावर केबल चोरी हुई थी। लौकहवा साइट से भी दो एंटीना गायब होने की घटना सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मथुरा के रहने वाले अपने साथी कन्हैया पुत्र बनवारी उर्फ बन्नो के साथ मिलकर वारदात करते थे। कन्हैया टेक्नीशियन होने के कारण टावर पर चढ़कर उपकरण उतारता था, जबकि अन्य आरोपी चोरी का सामान बेचने में मदद करते थे। पुलिस के अनुसार, एक एंटीना करीब 15 हजार रुपए में और अन्य उपकरण पांच से सात हजार रुपए तक में बेचे जाते थे। श्रावस्ती में भी चोरी करने की बात कबूली पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने जुलाई में लौकहवा और महादेव हरिहर नगर एवं अगस्त में श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र के एकघरवा टावर से चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस के मुताबिक, घुघुलपुर और अन्य स्थानों से चोरी किए गए कुछ उपकरण झाड़ियों में छिपाकर रखे गए थे। आरोपी इन्हें वहां से ले जाने की तैयारी में थे। केबल के 61 टुकड़े और कई उपकरण बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से केबल के 61 छोटे-बड़े टुकड़े, एक कार्ट्रिज, दो डेल्टा मॉड्यूल कार्ट्रिज, काले रंग के दो केबल बार और इमरशन कंपनी के सात मॉड्यूल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी आशिफ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस अब चोरी के सामान के कथित खरीदार और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User