बसपा ने अनिल कुमार गौतम को बनाया गोपामऊ से प्रत्याशी:हरदोई में 2027 चुनाव के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने किया ऐलान
हरदोई में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को गोपामऊ बस अड्डे के मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने 157-गोपामऊ विधानसभा सीट से अनिल कुमार गौतम को प्रत्याशी घोषित किया। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने उनके नाम का ऐलान किया। घोषणा होते ही सम्मेलन में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह जताया। प्रधानाध्यापक की नौकरी छोड़ राजनीति में आए अनिल गौतम बिलग्राम ब्लॉक के पुसेड़ा गांव के मूल निवासी अनिल कुमार गौतम वर्तमान में टड़ियावां ब्लॉक के लाला पुरवा में रहते हैं। एमएड की शैक्षिक योग्यता रखने वाले अनिल ने करीब डेढ़ साल पहले उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद से इस्तीफा देकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने वर्ष 2013 में बामसेफ के माध्यम से बसपा से जुड़कर राजनीतिक सफर शुरू किया। वह बामसेफ में विधानसभा और जिला संयोजक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जुलाई से अक्टूबर 2026 तक लखनऊ मंडल के मंडल प्रभारी भी रहे। अनिल का परिवार भी राजनीति में सक्रिय है। उनकी पत्नी नीतू गौतम वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। वह वर्ष 2010 से 2015 तक बिलग्राम तृतीय से जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं। परिवार में दो बेटियां श्रव्या और मंजरी तथा एक बेटा अयांश है। विश्वनाथ पाल बोले- 2027 में पूर्ण बहुमत से बनाएंगे सरकार कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने सर्वसमाज का ख्याल रखा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और घोषित प्रत्याशी को जिताने के लिए जुटने की अपील की। वहीं, प्रत्याशी अनिल कुमार गौतम ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वह पूरी मेहनत से चुनाव लड़ेंगे और जीत का परचम लहराने का प्रयास करेंगे। सम्मेलन में पार्टी के कई पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह जाटव, पूर्व एमएलसी डॉ. भीमराव अंबेडकर, नौशाद, मंडल प्रभारी रणधीर बहादुर, सूर्यकांत निराला, मौजीलाल, जिलाध्यक्ष राजपाल गौतम, गोपामऊ विधानसभा अध्यक्ष अक्षय अर्कवंशी, कोषाध्यक्ष मुजम्मिल अहमद समेत अंजार हुसैन, अनीश, फिरोज, आकाश, फखरुद्दीन, बृजेश और राजीव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)