चार साल बाद झूठे मुकदमे में तीन भाई दोषमुक्त:बचाव पक्ष बोला- ट्रैफिक कर्मी ने मांगी थी रिश्वत, नहीं देने पर किया हत्या प्रयास का केस
बिना नंबर की नई ईको कार देखकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया और चाबी निकालकर 5 हजार रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर पुलिसकर्मी ने खुद पर कार चढ़ाकर हत्या के प्रयास और सरकारी प्रिंटर तोड़ने का आरोप लगाते हुए तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। करीब चार साल तक चले मुकदमे में अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में आज तीनों भाइयों को दोषमुक्त कर दिया। एडीजे-10 प्रदीप कुमार ने स्वतंत्र गवाह पेश नहीं होने, मेडिकल रिपोर्ट और बचाव पक्ष के गवाहों के बयानों को आधार बनाते हुए यह फैसला सुनाया। मामला 26 मई 2022 का है। शमसाबाद थाना क्षेत्र के कानपुरा बंजारा गांव निवासी विजय, बबलू और रविंद्र अपनी पत्नी, बच्चों और बुआ के साथ नई ईको कार से शादी समारोह में शामिल होने भरतपुर जा रहे थे। ट्रैफिक पुलिसकर्मी अंसार खां के अनुसार, उस दिन उसकी ड्यूटी खंदारी चौराहे पर थी। दोपहर करीब 1:05 बजे उसने मऊ रोड की तरफ से आ रही बिना नंबर की ईको कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और उसे टक्कर मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गया और उसके हाथ में लगा सरकारी प्रिंटर टूट गया। पुलिसकर्मी का आरोप था कि उसने एक बाइक सवार की मदद से आईएसबीटी चौराहे पर कार को पकड़ लिया। इसके बाद कार में सवार तीनों भाइयों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिसकर्मी की तहरीर पर थाना हरीपर्वत में तीनों भाइयों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी अंसार खां, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, पुलिसकर्मी गौरव कुमार, विवेचक एसआई सोनू कुमार और डॉक्टर सुनील यादव को गवाही के लिए पेश किया। हालांकि, घटना सार्वजनिक स्थान पर होने के बावजूद पुलिस कोई स्वतंत्र गवाह अदालत में पेश नहीं कर सकी। डॉक्टर ने मेडिकल रिपोर्ट में पुलिसकर्मी के शरीर पर केवल एक साधारण नीलगू चोट होने की बात कही। हाथ में प्रिंटर टूटने के आरोप के समर्थन में भी पुलिस कोई डैमेज रिपोर्ट या मरम्मत की रसीद पेश नहीं कर सकी। छाती में दर्द की शिकायत पर एक्सरे कराने की सलाह दी गई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट भी अदालत में प्रस्तुत नहीं की गई। वहीं, बचाव पक्ष की ओर से तीनों भाइयों की बुआ कांति और बबलू की पत्नी राधा ने गवाही दी। उन्होंने बताया कि वे सभी शादी समारोह में शामिल होने भरतपुर जा रहे थे। रास्ते में सफेद वर्दी पहने पुलिसकर्मी ने कार रोककर उसकी चाबी निकाल ली और पांच हजार रुपए मांगे। रुपए देने से मना करने पर बबलू के साथ मारपीट की गई। उसे बचाने पहुंचे विजय और रविंद्र के साथ भी मारपीट की गई। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और तीनों भाइयों को झूठे आरोप में फंसाकर जेल भेज दिया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता पाल सिंह राठौर ने अदालत में स्वतंत्र गवाहों की अनुपस्थिति, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों महिला गवाहों के बयानों को आधार बनाकर अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों को सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद एडीजे-10 प्रदीप कुमार ने विजय, बबलू और रविंद्र को सभी आरोपों से दोषमुक्त करने के आदेश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)