उत्तराखंड के पूर्व सीएम बोले- इमरान मसूद की ठीक नहीं:दिवाली को रोग बताने पर कहा- त्योहार से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दिवाली को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दिवाली को मानवजनित रोग बताना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। तीरथ सिंह रावत गुरुवार को सहारनपुर पहुंचे थे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिवाली सदियों पुराना त्योहार है। इससे लोगों की आस्था और भावनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में किसी को भी सोच-समझकर बयान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में पांच राज्यों में भाजपा की जीत का दावा किया। विपक्ष पर जाति की राजनीति और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड पर कहा कि आरोपी जेल में हैं और कोर्ट अपना काम कर रहा है। दिवाली पर टिप्पणी को बताया गलत कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की दिवाली को मानवजनित रोग बताने संबंधी टिप्पणी पर तीरथ सिंह रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिवाली सदियों पुराना त्योहार है। लोग इसे उत्साह के साथ मनाते हैं। एक-दूसरे से मिलते हैं और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस त्योहार से सभी की भावनाएं जुड़ी हैं। इमरान मसूद को ऐसी टिप्पणी करने के बजाय यह कहना चाहिए था कि त्योहार सभी के लिए अच्छा रहे। जुबान फिसलने की बात कहकर इस तरह के बयान को टाला नहीं जा सकता। पांचों राज्यों में भाजपा की जीत का दावा आगामी चुनावों को लेकर तीरथ सिंह रावत ने कहा कि 2027 में भाजपा पांचों राज्यों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनता भी जाति और वर्ग की राजनीति से ऊपर उठकर विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल कल्पना नहीं है। देश इस लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। भाजपा का नारा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास इसी सोच को दर्शाता है। विपक्ष पर लगाए जाति की राजनीति और भ्रष्टाचार के आरोप विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास समाज को जातियों में बांटने के अलावा कोई उद्देश्य नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रष्टाचार और अराजकता फैलाने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सुरक्षा, सम्मान और विकास को प्राथमिकता देती है। पार्टी समग्र समाज के विकास और भारत को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काम कर रही है। अंकिता हत्याकांड पर बोले- आरोपी जेल में उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड पर तीरथ सिंह रावत ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिन लोगों ने अपराध किया, वे जेल में हैं। कोर्ट अपना काम कर रहा है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया का हवाला दिया, लेकिन मामले से जुड़े नए आरोपों और राजनीतिक सवालों पर विस्तार से कुछ नहीं कहा। तीरथ सिंह रावत ने बताया कि सहारनपुर आने का मुख्य उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करना और व्यापार सभा में शामिल होना है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद उन्हें शाम को दिल्ली रवाना होना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)