तेज रफ्तार कार ने ट्रॉली को टक्कर मारी:मेरठ में शौकीन की मौत, राहत गंभीर; चालक हिरासत में
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे (NH-58) पर रविवार तड़के तेज रफ्तार कार ने साउंड सिस्टम लगी ट्रॉली लेकर जा रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां रविवार सुबह करीब 10 बजे इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सिंधावली निवासी शौकीन और राहत शादी समारोहों में बैंड-बाजे और साउंड सिस्टम का काम करते थे। रविवार तड़के करीब 3:00 दोनों एक शादी समारोह में काम खत्म करने के बाद साउंड सिस्टम लगी ट्रॉली लेकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों योगीपुरम के पास NH-58 से गुजर रहे थे। इसी दौरान देहरादून की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल कैलाशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार सुबह करीब 10 बजे शौकीन ने दम तोड़ दिया। वहीं राहत की हालत गंभीर बनी हुई है। शौकीन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान सारण त्यागी निवासी ऋषि नगर, कंकरखेड़ा के रूप में हुई है। आरोपी का कहना है कि वह अपने घर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार चालक नशे में धुत बताया जा रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)