अब खुद 34 लाख की ठगी में घिरा शाहिद चौधरी:मवाना थाने में भाई-भतीजे समेत तीन पर मुकदमा, 1.36 लाख लौटाकर भुगतान बंद किया
एक कंपनी में निवेश कर रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर मवाना के कारोबारी से 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। आरोप है कि कंपनी का एजेंट बनकर पहुंचे शाहिद चौधरी ने अपने भाई सनव्वर और भतीजे मुरसलीन के साथ मिलकर कारोबारी को निवेश के जाल में फंसाया। शुरुआत में मुनाफे के नाम पर 1.36 लाख रुपये खाते में भेजकर भरोसा जीता और फिर भुगतान बंद कर दिया। एसएसपी के निर्देश पर मवाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि आरोपी शाहिद चौधरी कुछ दिन पहले लिसाड़ी गेट थाने में पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने और वसूली करने का आरोप लगाकर सुर्खियों में आया था। शाहिद की शिकायत पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कार्रवाई करते हुए लिसाड़ी गेट थाने के दरोगा अंकित सागर और कांस्टेबल नीरज कुमार को निलंबित कर दिया था। खतौली थाने में तैनात दरोगा आरिफ का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया है। अब शाहिद खुद 34 लाख रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी के मुकदमे में नामजद हुआ है। 20.50 लाख रुपये खाते में, 13.50 लाख नकद लिए
मवाना के भैंसा रोड निवासी जमशेद पुत्र सरताज ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि करीब दो साल पहले गेझा, नोएडा निवासी शाहिद चौधरी ने उससे संपर्क किया था। शाहिद ने खुद को टीएलसी कंपनी का एजेंट बताते हुए कंपनी के विदेशी करेंसी एक्सचेंज का कारोबार करने की जानकारी दी। उसने दावा किया कि कंपनी में निवेश और शेयर खरीदने से वह खुद लाखों रुपये कमा चुका है। जमशेद को 20 लाख रुपये निवेश करने पर जल्द ही रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया गया। शाहिद के भाई सनव्वर और भतीजे मुरसलीन ने भी निवेश की रकम और मुनाफे की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि तीनों की बातों में आकर जमशेद ने सात सितंबर 2024 से 22 जनवरी 2025 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में 20.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने हर महीने मुनाफा मिलने का लालच देकर 13.50 लाख रुपये और निवेश करने के लिए कहा। जमशेद के मुताबिक, उसने अगस्त 2024 में 6.50 लाख और जनवरी 2025 में सात लाख रुपये शाहिद अली को नकद दे दिए। इस तरह कुल 34 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए गए। 1.36 लाख लौटाकर बंद कर दिया भुगतान
जमशेद का कहना है कि तीन सितंबर 2024 से पांच फरवरी 2025 के बीच उसके बैंक खाते में अलग-अलग तारीखों पर कुल 1,36,640 रुपये भेजे गए। आरोपियों ने इसे निवेश पर मिलने वाला मुनाफा बताया। शुरुआत में नियमित भुगतान होने से उसे कंपनी की योजना पर भरोसा हो गया, लेकिन इसके बाद रकम आनी बंद हो गई। टीएलसी कंपनी के शेयर और निवेश की मूल रकम के बारे में पूछने पर शाहिद संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। वह लगातार टालमटोल करता रहा। पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित के अनुसार, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी और पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो शाहिद, सनव्वर और मुरसलीन ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि तीनों ने धमकी दी कि उनकी शुरुआत से ही रकम हड़पने की नीयत थी। दोबारा पैसे मांगने पर जान से मार दिया जाएगा। जमशेद ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाकर आया था चर्चा में
शाहिद चौधरी का नाम इससे पहले लिसाड़ी गेट थाने से जुड़े एक विवाद में सामने आया था। उसने पुलिसकर्मियों पर उसे अवैध रूप से हिरासत में रखने, प्रताड़ित करने और वसूली करने के आरोप लगाए थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रकरण में कार्रवाई करते हुए दरोगा अंकित सागर और कांस्टेबल नीरज कुमार को निलंबित कर दिया था। खतौली थाने में तैनात दरोगा आरिफ पर भी कार्रवाई की गई थी। अब मवाना में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे के बाद शाहिद एक बार फिर चर्चा में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)