दिव्या मित्तल के बयान पर शलभमणि त्रिपाठी का पलटवार:देवरिया में मजार गिराने पर बोले विधायक- अब राजनीति में बहाए जा रहे आंसू
देवरिया में गोरखपुर रोड स्थित अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व IAS और जिले की पूर्व DM दिव्या मित्तल के बयान पर भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी हवा का रुख देखकर अपने तेवर बदल लेते हैं। नौकरी बचाने के लिए मजार ढहा दी गई और अब राजनीति में उसके नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं। विधायक बोले- मजार अवैध थी, इसलिए गिराई गई शलभमणि त्रिपाठी ने पूर्व DM के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों के बारे में उन्हें कुछ नहीं कहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय हवा का रुख देखकर नौकरी बचाने के लिए मजार को ढहाया गया था। अब राजनीति की बात आई तो मजार के नाम पर आंसू बहाए जा रहे हैं। विधायक ने दावा किया कि मजार अवैध थी, इसलिए उसे गिराया गया। पूर्व DM ने कहा- मजार गिराने का दबाव था दरअसल, पूर्व DM दिव्या मित्तल ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि देवरिया में तैनाती के दौरान मजार गिराने के लिए उन पर काफी दबाव बनाया गया था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि मजार आज भी मौजूद है और वहां नियमित रूप से चादर चढ़ाई जाती है। उन्होंने लोगों से मौके पर जाकर स्थिति देखने की बात भी कही। दिव्या मित्तल के इस बयान के बाद विधायक की प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व DM का दावा है कि उनके कार्यकाल में मजार नहीं गिराई गई, जबकि विधायक इसे अवैध बताते हुए कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं। 50 साल पुरानी अब्दुल गनी शाह मजार पर चला था बुलडोजर गोरखपुर रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार को लेकर करीब छह साल से भूमि विवाद चल रहा था। प्रशासन के मुताबिक, एसडीएम कोर्ट में कई बार सुनवाई और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमीन को बंजर मानते हुए अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया गया था। इसके बाद 11 दिसंबर 2025 को नगर पालिका और प्रशासन की टीम करीब 350 पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के बीच मजार परिसर में बुलडोजर चलाकर निर्माण गिराया गया। 2019 में हुई थी पहली शिकायत मजार की जमीन को लेकर वर्ष 2019 में तत्कालीन जिलाधिकारी से पहली शिकायत की गई थी। इसके बाद DM ने राजस्व विभाग के आरबीओ जेई, तहसीलदार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। 14 दिसंबर 2019 को मजार प्रबंध समिति को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद मामला राजस्व न्यायालय पहुंचा। एसडीएम कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखे थे दस्तावेज मामले में राजस्व संहिता की धारा-7 के तहत एसडीएम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। प्रशासन का आरोप था कि बंजर भूमि पर अवैध निर्माण कराया गया है। वहीं, मजार और कब्रिस्तान प्रबंध समिति ने जमीन पर अपना अधिकार जताया था। सुनवाई के दौरान समिति ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से लिखित जवाब दाखिल किया था। अपने दावे के समर्थन में वर्ष 1919 के राजस्व अभिलेख और लैंड मैप की प्रमाणित प्रति भी पेश की थी। इसमें जमीन को 'नान जेडे' दर्ज बताया गया था। समिति का तर्क था कि इस जमीन का लंबे समय से धार्मिक स्थल के रूप में इस्तेमाल होता रहा है। अब्दुल गनी शाह मजार और कब्रिस्तान भूमि विवाद मामले में एसडीएम कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए 23 अक्टूबर 2025 की तारीख तय की थी। दोनों पक्षों को अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। प्रशासन ने जमीन को बंजर बताकर दिया था ध्वस्तीकरण का आदेश अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व जयदीप गुप्ता के अनुसार, एसडीएम कोर्ट ने संबंधित जमीन को बंजर घोषित किया था। प्रशासन का कहना था कि मजार प्रबंधन से निर्माण का मानचित्र और अन्य कागजात मांगे गए थे, लेकिन अपेक्षित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद नोटिस जारी कर ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया था। एसडीएम सदर श्रुति शर्मा ने भी जमीन को राजस्व अभिलेखों में बंजर बताया था। 11 और 12 दिसंबर को दो दिन चला था अभियान ध्वस्तीकरण से पहले नगर पालिका की ओर से 9 दिसंबर 2025 को मजार प्रबंधन को नोटिस दिया गया था। इसके बाद 11 दिसंबर को प्रशासन और नगर पालिका की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। परिसर की घेराबंदी कर लोगों को बाहर निकाला गया और बुलडोजर से कार्रवाई शुरू की गई। 11 दिसंबर को करीब छह घंटे तक तीन बुलडोजर से अभियान चला। इस दौरान मजार का मुख्य गेट, बाउंड्रीवाल, छह पिलर, तीन दुकानें और गुंबद तोड़े गए। इसके बाद 12 दिसंबर को दो बुलडोजर, एक पोकलेन और एक जेसीबी से कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। दो दिनों के अभियान में करीब 4,000 वर्गफीट के हॉल की छत, उसके सभी 26 पिलर और दक्षिण दिशा की दीवार भी गिराई गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सदर श्रुति शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर के आदेश पर रोकी गई थी कार्रवाई 12 दिसंबर 2025 की शाम करीब छह बजे कमिश्नर के आदेश के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी गई थी। इससे पहले दो दिनों तक मजार परिसर में अभियान चलाया गया था। इस दौरान मुख्य गेट, बाउंड्रीवाल, दुकानें, गुंबद और हॉल समेत कई निर्माण ढहाए गए थे। पूरे अभियान के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)