दोषमुक्ति का फर्जी आदेश बनाने वाला मुख्य आरक्षी गिरफ्तार:बांदा में जांच के बाद 2025 में दर्ज हुआ था केस
बांदा में 2005 में अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे में खुद को दोषमुक्त दिखाने के लिए न्यायालय का कूटरचित आदेश तैयार कर पुलिस विभाग को गुमराह करने के आरोपी मुख्य आरक्षी को नरैनी पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी दोषमुक्ति आदेश विभाग को उपलब्ध कराया था। जांच में आदेश कूटरचित पाए जाने के बाद वर्ष 2025 में उसके खिलाफ नरैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मीडिया सेल ने मंगलवार रात करीब 8 बजे यह जानकारी दी। 2005 में नरैनी थाने में दर्ज हुआ था मुकदमा पुलिस के अनुसार, वर्ष 2005 में थाना नरैनी में तत्कालीन आरक्षी भाई लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें आईपीसी की धारा 452, 323, 504, 506, 325, 295 और 120बी के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 12(2) के तहत कार्रवाई की गई थी। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया था। जांच में कूटरचित मिला न्यायालय का आदेश पुलिस के मुताबिक, भाई लाल ने खुद को मुकदमे में दोषमुक्त दर्शाने के उद्देश्य से न्यायालय का एक आदेश तैयार कराकर पुलिस विभाग को उपलब्ध कराया था। विभागीय स्तर पर जांच कराई गई तो आदेश कूटरचित पाया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में आरोपी के खिलाफ थाना नरैनी में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में वह वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज से गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत नरैनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रयागराज के म्योर रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार मुख्य आरक्षी की पहचान भाई लाल पुत्र शिव निवासी राजपुर आमघाट, थाना कोतवाली देहात, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)