तार जोड़ने खंभे पर चढ़े कारपेंटर की करंट से मौत:सोनभद्र में 20 फीट ऊंचाई से गिरे, 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आए
सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र के डढ़ियरा गांव में मंगलवार शाम बिजली के खंभे पर तार जोड़ने चढ़े 45 वर्षीय श्यामलाल की करंट लगने से मौत हो गई। वह करीब 20 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। श्यामलाल पुत्र भाईराम डढ़ियरा गांव के रहने वाले थे। गांव के एक हिस्से में दो दिन से बिजली नहीं थी। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह घर से लगभग 300 मीटर दूर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे पर तार जोड़ने चढ़े। खंभे पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन थी। इसी दौरान श्यामलाल करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद उनके छोटे भाई राधेश्याम ने 108 एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। वहां डॉ. धर्मराज मौर्य ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्यामलाल बढ़ई यानी कारपेंटर का काम करते थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। राधेश्याम ने बताया कि उन्होंने श्यामलाल को खंभे पर चढ़ने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माने। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राम सिंहासन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)