दूसरे राज्य में गिरफ्तारी के नियम तोड़े, अमरोहा-देहात इंस्पेक्टर सस्पेंड:कोर्ट ने दोनों आरोपियों की रिमांड की खारिज, देहरादून से हत्या की कोशिश के दो आरोपियों को पकड़ा था
अमरोहा में दूसरे राज्य में गिरफ्तारी के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं करना देहात इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भारी पड़ गया। सीजेएम डॉ. लकी की अदालत ने पुलिस की ओर से पेश दोनों आरोपियों की रिमांड याचिका खारिज कर दी। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए अवमानना की कार्रवाई के लिए मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजने की संस्तुति की। इसके बाद एसपी लखन सिंह यादव ने इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है। देहरादून से गिरफ्तार किए थे दोनों आरोपी मामला अमरोहा देहात थाने में दर्ज हत्या की कोशिश के मुकदमे से जुड़ा है। मोहल्ला पुष्कर नगर निवासी कृष्णा उर्फ प्रतीक ने 15 अक्टूबर को विवेक उर्फ विक्रांत, मोहसिन पठान, शाकिब, अयान और निखिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 14 अक्टूबर की रात पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने मारपीट की और तमंचे से फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। इस मामले में पुलिस ने तीन नवंबर को शाकिब और विवेक उर्फ विक्रांत को उत्तराखंड के देहरादून स्थित क्लेमनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पांच नवंबर को दोनों को रिमांड के लिए सीजेएम अदालत में पेश किया गया। कोर्ट में गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठे सवाल सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। अदालत ने पुलिस से संबंधित दस्तावेज मांगे। जांच में सामने आया कि दूसरे राज्य में गिरफ्तारी से पहले आवश्यक अनुमति लेने और स्थानीय पुलिस को सूचना देने से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं किए गए। इसके अलावा आरोपियों को स्थानीय थाने में दाखिल कराने और मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की प्रक्रिया भी नहीं अपनाई गई थी। पुलिस की रवाना जीडी में उत्तराखंड जाने का उल्लेख नहीं था। वहीं, गिरफ्तारी मेमो के कई कॉलम भी खाली पाए गए। रिमांड खारिज, हाईकोर्ट को भेजी अवमानना कार्रवाई की संस्तुति अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए दोनों आरोपियों की रिमांड याचिका निरस्त कर दी। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए अवमानना की कार्रवाई के लिए मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट भेजने की संस्तुति की है। आदेश की प्रतियां डीजीपी, मानवाधिकार आयोग और एसपी अमरोहा को भी भेजी गई हैं। एसपी ने इंस्पेक्टर को किया निलंबित एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि देहात इंस्पेक्टर सुनील कुमार को उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, अपराध से जुड़ी जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने के मामलों में निलंबित किया गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)