एक रोटी कम खाइए,लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाइए:काशी में नाविकों से बोले मंत्री राजभूषण चौधरी,कहा- हाइड्रोजन नाव से पर्यावरण हो रहा सुरक्षित

Sep 27, 2026 - 15:34
0
एक रोटी कम खाइए,लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाइए:काशी में नाविकों से बोले मंत्री राजभूषण चौधरी,कहा- हाइड्रोजन नाव से पर्यावरण हो रहा सुरक्षित
वाराणसी में केंद्रीय राज्य मंत्री जल शक्ति डॉ. राजभूषण चौधरी ने नाविक, मछुआरा और निषाद समाज से सीधा संवाद किया। रिवर डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नाविक समाज की समस्याएं सुनीं और विकास, रोजगार, लाइसेंस तथा तकनीकी दिक्कतों को लेकर समाधान का भरोसा दिलाया। तेज धूप और गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नाविक और समाज के लोग मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि नाविक समाज के लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। लाइसेंस से जुड़ी दिक्कतों के साथ ही तकनीकी स्तर पर आ रही परेशानियों की भी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तकनीकी या प्रशासनिक स्तर पर समाधान संभव है, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अपनी बात खुलकर सामने रखें, तभी समस्याओं का समाधान निकलेगा। हाइड्रोजन बोट को बताया भविष्य की जरूरत गंगा में प्रदूषण कम करने के लिए हाइड्रोजन बोट के इस्तेमाल को लेकर भी मंत्री ने समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। तकनीक लगातार आगे बढ़ रही है और समाज व पर्यावरण के हित में होने वाले नवाचार को अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से भी देश में इनोवेशन और नई तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाइड्रोजन आधारित नाव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जैसे-जैसे हाइड्रोजन की उपलब्धता बढ़ेगी, भविष्य में अधिक से अधिक नावों को इस तकनीक से जोड़ने के प्रयास किए जा सकते हैं। ‘एक रोटी कम खाइए, लेकिन बच्चे को जरूर पढ़ाइए’ नाविक समाज के सामाजिक विकास और शिक्षा के सवाल पर डॉ. चौधरी ने खास तौर पर बच्चों की पढ़ाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा “एक रोटी कम खाइए, लेकिन अपने बच्चे को जरूर पढ़ाइए और बड़ा सपना देखिए।” अपने जीवन का उदाहरण देते हुए मंत्री ने कहा कि वह भी एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके माता-पिता ने सपना देखा कि उनका बेटा डॉक्टर बने। उन्होंने एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई की, अस्पताल चलाया और मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम किया। इसके बाद राजनीति में आए और प्रधानमंत्री ने उन्हें पहली बार चुनाव जीतने के बाद केंद्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User