बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद डॉक्टर लापता:रामपुर में घायल को अस्पताल में भर्ती कराकर चली गई, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर
रामपुर में बाइक सवार युवक को टक्कर मारने के मामले में पुलिस डॉक्टर रानिया खान की तलाश कर रही है। आरोप है कि डॉक्टर की अल्टो कार से बाइक सवार सलमान का एक्सीडेंट हुआ था। हादसे के बाद डॉक्टर ने घायल को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, लेकिन परिजनों को सूचना दिए बिना वहां से चली गईं। घरवालों को घटना की जानकारी पुलिस के जरिए मिली। इसके बाद से डॉक्टर का मोबाइल बंद आ रहा है। परिजनों ने रविवार शाम करीब सात बजे सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हादसा शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच मीट फैक्ट्री के पास हुआ था। गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर बाज खां निवासी सलमान किसी काम से पहाड़ी गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक की एक कार से टक्कर हो गई। हादसे में सलमान के जबड़े, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसकी बाइक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घायल को अस्पताल पहुंचाकर चली गईं डॉक्टर परिजनों के मुताबिक, हादसे के समय अल्टो कार डॉक्टर रानिया खान चला रही थीं। टक्कर के बाद उन्होंने घायल सलमान को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया और वहां भर्ती करा दिया। आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उन्होंने सलमान के परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी और वहां से चली गईं। परिवार को हादसे की जानकारी पुलिस के माध्यम से मिली। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल नंबर बंद मिला। परिजनों ने रविवार शाम सिविल लाइंस थाने पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। अस्पताल के रिकॉर्ड और CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस मामले में पुलिस डॉक्टर रानिया खान की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, डॉक्टर का मोबाइल नंबर बंद जा रहा है। पुलिस जिला अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि घायल को अस्पताल लाने का समय और वाहन से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और टक्कर के घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालत बिगड़ी तो दिल्ली के पंत अस्पताल रेफर किया हादसे में सलमान को गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। रविवार को तबीयत और बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के पंत अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। परिवार के मुताबिक, सलमान के दिमाग, जबड़े, चेहरे और पैर की हड्डियों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका जबड़ा भी फट गया है। युवक की गंभीर हालत को लेकर परिवार परेशान है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)