गोरखपुर जेल में गैंगस्टर दे रही ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग:BSA करियर संवार रहीं, 12 करोड़ ठगने वाली बच्चों को पढ़ाती है

Nov 07, 2026 - 05:46
0
गोरखपुर जेल में गैंगस्टर दे रही ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग:BSA करियर संवार रहीं, 12 करोड़ ठगने वाली बच्चों को पढ़ाती है
गोरखपुर में चर्चा में आए अलग-अलग कांड में बंद महिलाएं एक बार फिर जेल में सुर्खियां बटोर रही हैं। यहां गैंगस्टर अंशिका सिंह ब्यूटिशियन की ट्रेनिंग दे रही है। 12 करोड़ ठगने वाली गरिमा सिंह जेल में बंद महिलाओं के बच्चों को पढ़ाती है। वहीं शिक्षक सुसाइड केस में बंद बीएसए करियर संवारने के टिप्स देती हैं। जेल जाने के बाद अचानक से इनके अंदर बदलाव आया है। जेल प्रशासन भी इस काम में हर संभव मदद दे रहा है। पढ़ने के लिए किताब-कॉपी समेत अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करा रहा है। जिससे पढ़ लिखकर बंदी बाहर जाकर अच्छे कार्य करें। जेल में बंद गरिमा सिंंह पीएचडी होल्डर है। सीओ समेत पुलिसकर्मियों से वसूली के मामले में जेल में बंद अंशिका सिंह ने अच्छे कॉलेज से ब्यूटीशियन का कोर्स किया है। वहीं, शिक्षक सुसाइड केस में बंद निलंबित शालिनी श्रीवास्तव देवरिया की बीएसए थीं। इनके पास अच्छी जानकारी है। अब ये महिला बंदियों को भी हुनरमंद बना रही है। 73 महिला बंदियों के साथ रहते हैं 6 बच्चे जिला जेल में इस समय 73 महिला बंदी हैं। इनके साथ 6 बच्चे भी रह रहे हैं। इनमें से दो बच्चे सेंट एंथोनी स्कूल में पढ़ने जाते हैं। जेल में पढ़ाई और प्रशिक्षण की गतिविधियां बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के लिए भी सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश है। चर्चित मामलों में सजा काट रहीं 3 महिला बंदी गरिमा हड़प चुकी है 12 करोड़ से अधिक रकम गोरखनाथ इलाके के बसंत इनक्लेव अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से कूदकर पशु चिकित्सक डॉ. परमात्मा सिंह की आत्महत्या के मामले में गरिमा सिंह का नाम सामने आया था। पुलिस ने गरिमा सिंह और उनके पिता ध्रुव नारायण सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के अनुसार, गरिमा के खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 एफआईआर दर्ज हैं। गरिमा और इसके गिरोह पर 12 करोड़ से अधिक रुपये हड़पने का आरोप है। एक मामले में गोरखनाथ पुलिस ने पहली चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। सीओ, दरोगा को भी ब्लैकमेल कर चुकी है अंशिका अंशिका सिंह उर्फ अंतिमा पर 5 वर्षों में सीओ, दारोगा समेत 165 लोगों को ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस जांच के मुताबिक, वह मैसेंजर के जरिये लोगों से संपर्क करती और वीडियो कॉल के दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर लेती थी। इसके बाद दुष्कर्म जैसे मामलों में फंसाने की धमकी देकर रुपये वसूलने का आरोप है। जांच में अयोध्या में तैनात एक सीओ समेत 15 पुलिसकर्मियों के उसके जाल में फंसने की बात सामने आई थी। शिक्षक सुसाइड केस में बंद हैं बीएसए देवरिया की निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव पर शिक्षक कृष्ण भगवान सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप है। कुशीनगर निवासी शिक्षक देवरिया के गौरी बाजार विकासखंड स्थित लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन में सहायक अध्यापक थे। 20 फरवरी 2026 को उन्होंने गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र स्थित शिवपुर शाहबाजगंज में अपने भाई के मकान में आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट और वीडियो में उन्होंने शालिनी श्रीवास्तव और बीएसए कार्यालय के लिपिक संजीव सिंह पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। मामले में 25 हजार रुपये की इनामी शालिनी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इस संबंध में जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने बताया महिला बंदियों को जेल से बाहर निकलने के बाद आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से ब्यूटीशियन और सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। पढ़ाई, प्रशिक्षण और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से उन्हें सकारात्मक माहौल देने का प्रयास है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User