GST कमिश्नर रहीं अनुपमा को सीतापुर पसंद:बोलीं- अखिलेश-डिंपल मेरी फेवरेट जोड़ी हैं, राहत फतेह अली के लिए गाने भी लिखे
यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (जीएसटी) रहीं PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने VRS ले लिया है। इसके बाद उन्होंने सीतापुर की सिधौली सीट से सपा में टिकट की दावेदारी पेश कर दी है। अनुपमा का कहना है कि वह राजनीति में इसलिए आ रही हैं, ताकि समाज में उन सीमाओं को तोड़ सकें, जो लोगों को बदलाव से रोकती हैं। मुझे अखिलेश यादव और डिंपल यादव की जोड़ी पसंद है। दोनों एक-दूसरे को कंप्लीमेंट करते हैं। इसलिए मुझे सपा पसंद है। कहां से चुनाव लड़ेंगी? इस सवाल पर कहती हैं कि मुझे सीतापुर से बेहद लगाव है। अनुपमा सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी और पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। वह मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। उनके पति अनुराग भदौरिया लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। अखिलेश सरकार में मंत्री भी थे। अनुपमा सिंगर और कंपोजर भी हैं। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने अनुपमा से एक्सक्लूसिव बातचीत की… अनुपमा का कहना है कि- मेरे पसंदीदा गायक राहत फतह अली खान हैं। मैंने उनके लिए कई गाने कंपोज किए हैं, जिसे उन्होंने गाया भी है। सोनू निगम के गाने भी बहुत अच्छे लगते हैं। आज के ट्रेंड की बात करें, तो अरजीत सिंह के गाने पसंद हैं, लेकिन मेरा दुर्भाग्य रहा कि अब तक मैं उनके लिए काम नहीं कर सकी। पढ़िए अनुपमा से पूरी बातचीत - सवाल : नौकरी छोड़ने के बाद कैसा महसूस कर रही हैं? जवाब : खुद को काफी तनाव मुक्त महसूस कर रही हूं। त्योहार में परिवार को समय दे रही हूं। सेवानिवृत्ति शब्द ही कार्यों से मुक्त होने का नाम है। मगर अभी भी मेरे सामने बहुत सारी जिम्मेदारी और चुनौतियां हैं। अब मैं दूसरे सफर के लिए काफी उत्साहित हूं कि वहां मुझे काफी कुछ करना है। मेरे पास खुला आसमान है। सवाल : आपने VRS लिया है, उसके बाद से राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं? जवाब : राजनीति एक बहुत बड़ा शब्द है, राजनीति समाज से जुड़ने का एक माध्यम हो सकता है, मगर वो मेरा मूल उद्देश्य नहीं है। मेरा मुख्य उद्देश्य है, उन सीमाओं को तोड़ना जो समाज से जुड़ने में असहज महसूस करवाते हैं। मेरे अपने कुछ आईडिया हैं, उस पर काम करना चाहती हूं। मैं अपने आसपास की चीजों को बेहतर बनाना चाहती हूं। अब बंधनों से मुक्त महसूस कर रही हूं, ऐसा लग रहा है कि सामने एक कैनवस है, उसमें रंग भरना है। हमारे परिवार में माताजी, नाना राजनीति में रहे हैं और उसके जरिए समाज सेवा किया, मैं बस उसी को आगे बढ़ाना चाहती हूं। सवाल: आप राजनीतिक बैकग्राउंड से आती हैं, चुनाव से ठीक पहले इस्तीफा दिया है, तो क्या 2027 में चुनाव लड़ेंगी? जवाब : मैं अभी ऐसी स्थिति में नहीं हूं कि किसी तरह का खुलासा करूं या यह बताऊं कि आगे चुनाव लडूंगी या राजनीति करूंगी। मेरे मन में बहुत सारे विचार हैं, लोगों के प्रति संवेदनाएं हैं। जब लगेगा कि सही वक्त आ गया है कि अपने प्रशासनिक अनुभव और ऊर्जा को समाज को बेहतर बनाने में लगाया जाए, तो कुछ निर्णय लिया जाएगा। सवाल: पिछले दिनों IAS दिव्या मित्तल नौकरी छोड़कर राजनीति में आईं। क्या अफसर शाही पर राजनीति हावी है? जवाब: अफसर शाही पर राजनीति हावी है, यह मैं नहीं कहूंगी। सबकी अपनी प्राथमिकता और नजरिया है। लोग अपने निजी फैसलों की वजह से नौकरी छोड़ते हैं। राजनीति का दबाव नहीं है। हां, मगर राजनीति हम सबके जीवन से जुड़ा जरूर है। नौकरशाही छोड़कर कॉरपोरेट या दूसरे सेक्टर में ही लोग गए हैं, सब राजनीति में नहीं आते हैं। सवाल: आपकी कोई पसंदीदा सीट है, जहां से चुनाव लड़ना चाहती हैं? जवाब : (हंसते हुए) पसंद तो हमें पूरा भारत है। भारत की बेटी हूं, जहां से भाग्य निश्चित करेगी। फिर वहां से देखा जाएगा। मोहनलालगंज से मेरी माता चुनाव लड़ीं, हमने बचपन में उनके लिए प्रचार किया। सीतापुर से भी हमारा गहरा नाता है। राजनीति को हमने बचपन से करीब से देखा है। मगर अभी इस तरह का कोई निर्णय नहीं लिया। म्यूजिक भी मुझे बहुत पसंद है, हमने राहत फतेह अली खान मीका सिंह के लिए गाना कंपोज किया है। उन्होंने हमारे गाने को गाया है। म्यूजिक मेरी आत्मा है। हो सकता आने वाले समय में आपको सोशल इश्यूज पर मेरे गाने सुनने को मिलें। सवाल: आपका पसंदीदा गायक कौन है? जवाब : राहत फतेह अली खान। उनके लिए गाने लिखे हैं। इसके अलावा सोनू निगम भी बहुत पसंद हैं। युवा कलाकारों में अरिजीत सिंह बहुत पसंद हैं। मेरा ही दुर्भाग्य रहा कि अभी तक उनके साथ काम नहीं कर पाई। सवाल: राजनीति में कौन सी शख्सियत आपको सबसे ज्यादा पसंद हैं? जवाब : मेरे पसंदीदा नेताओं में अटल बिहारी वाजपेई और मुलायम सिंह जी शामिल हैं। मुलायम सिंह से तो हमारा बिल्कुल पारिवारिक रिश्ता रहा है। अटल जी की सोच और उनके बोलने का तरीका खासकर कविताएं बहुत पसंद हैं। महिलाओं में मुझे डिंपल यादव बहुत पसंद हैं, उनका बोलने का तरीका और उनकी सादगी बेहद प्रभावित करती है। उनकी सादगी ही उनके परिवार को आगे ले जाती है। सवाल: Gen Z का दौर चल रहा है, आप इसको कैसे देखती हैं? जवाब : Gen Z मूवमेंट जो आया है। यह एक सिंबल है कि हमारे देश में बदलाव की आवश्यकता है। हम अपने इर्द-गिर्द तमाम देशों में देख रहे थे और यह महसूस कर रहे थे कि अब यह भारत आने वाला है। हमने देखा कि जो हमारे इर्द-गिर्द मुद्दे थे, वही देश के मुद्दे हैं। हमने देखा कि बदलाव की आवश्यकता है। Gen z हमारे देश की सबसे बड़ी पापुलेशन है और वह जो चाहते हैं, करके रहेंगे। आज के वक्त में नए ब्लड को आगे आना चाहिए और जो भी बदलाव आएगा, वह Gen Z ही लाएंगे। सवाल : राजनीति में कपल्स की बहुत बातें होती हैं। आपका फेवरेट कपल कौन है? जवाब : राजनीति में हमें सिर्फ एक कपल नजर आता है, वो अखिलेश यादव और डिंपल यादव हैं। दोनों एक-दूसरे को बहुत कंप्लीमेंट भी करते हैं। जो उनके मूल्य हैं, वही पार्टी में भी नजर आता है। वह अपने पार्टी को लोगों परिवार की सदस्य मानते हैं, तमाम कार्यकर्ता उन्हें भैया और भाभी ही कहते हैं। ……………………. ये खबर भी पढ़िए- 'कुंडा में धीरेंद्र शास्त्री को नहीं बुलाना चाहिए, वह विवादित':प्रतापगढ़ सांसद बोले- हमारी भी आस्था, पर कथा का विरोध करेंगे प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आयोजित होने जा रही कथा को लेकर सियासत गरमा गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विरोध करने के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रतापगढ़ के सपा सांसद प्रो. एसपी सिंह ने कहा- ऐसे विवादित व्यक्ति को कथा के लिए बुलाना ही नहीं चाहिए। पढ़िए पूरी खबर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)