हाथरस में युवक की हत्या के मामले में 5 नामजद:पूरे दिन गांव में रहा तनाव, मां बोलीं- आरोपियों का हो एनकाउंटर
हाथरस के चंदपा क्षेत्र के बिसाना गांव में युवक की हत्या के बाद गुरुवार को पूरे दिन हंगामा होता रहा। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने और फिर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। घर में घुसकर हत्या करने का आरोप बिसाना गांव में बुधवार रात फायरिंग कर मानवेंद्र पुत्र राजकुमार की हत्या कर दी गई थी। उसका साथी समीर भी गोली लगने से घायल हुआ था। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए थे। बताया गया कि मानवेंद्र की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। मृतक की मां अंजना ने कौशल, सुमित, कृष्ण, जितेंद्र और गोपाल, सभी निवासी बिसाना, समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावर घर में घुसे और मानवेंद्र की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम से लेकर अंतिम संस्कार तक विरोध हत्या के बाद बुधवार को परिजनों ने SP के सामने हंगामा किया था। गुरुवार को भी पूरे दिन विरोध जारी रहा। परिजनों ने पहले शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर वे राजी हुए। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इस पर CO सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण ने परिजनों को समझाया। इसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। हाईवे पर 20 मिनट रोका गया ट्रैफिक बिसाना गांव आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे के पास है। पुलिस को आशंका थी कि ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर जाम लगा सकते हैं। इसे देखते हुए थाना चंदपा के सामने करीब 20 मिनट तक ट्रैफिक रोक दिया गया। मां बोलीं- आरोपियों का एनकाउंटर हो मृतक की मां अंजना ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या करने वाले लोगों ने कुछ दिन पहले भी उस पर फायरिंग की थी। उनका कहना है कि उस समय पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंजना ने यह भी कहा कि उनके पति की भी पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। उन्होंने बेटे की हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)