पिता के इंतजार में रात तक रखा रहा शव:तीन दोस्तों की हुई थी मौत, दो का दिन में अंतिम संस्कार, तीसरे के पिता महाराष्ट्र से पहुंचे

Nov 12, 2026 - 21:28
0
पिता के इंतजार में रात तक रखा रहा शव:तीन दोस्तों की हुई थी मौत, दो का दिन में अंतिम संस्कार, तीसरे के पिता महाराष्ट्र से पहुंचे
एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव में तीन दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। तीनों के शव गुरुवार सुबह करीब 4 बजे गांव पहुंचे। जीतू और शिवकुमार का दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, अजीत के पिता महाराष्ट्र से नहीं पहुंच पाए थे, इसलिए उसका शव रोककर रखा गया। पिता के शाम 7:30 बजे गांव पहुंचने के बाद पुलिस की मौजूदगी में अजीत का अंतिम संस्कार किया गया। शराब पीने के 15 मिनट बाद बिगड़ी थी तबीयत तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे। परिजनों और परिचितों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे तीनों गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास सबमर्सिबल पर बैठकर शराब पी रहे थे। उनके पास शराब की दो बोतलें थीं। शराब पीने के करीब 15 मिनट बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। एक युवक ने कानों में सीटी बजने जैसी परेशानी होने की बात कही थी। इसके बाद तीनों की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही तीनों की मौत हो गई। मौके से शराब की बोतलें और नशीली गोलियां मिलीं मृतक शिवकुमार के भाई कौशलेंद्र ने बताया कि घटनास्थल पर शराब की दो 8 पीएम की बोतलें, नमकीन का पाउच और अजीत की जेब से सिगरेट मिली थी। उन्होंने बताया कि सिंटू ने फोन कर जानकारी दी थी कि उनके भाई को कुछ हो गया है। जब वे मौके पर पहुंचे तो तीनों बेहोश पड़े थे। मौके से अंग्रेजी शराब की बोतलों, टेट्रा पैक और खाने-पीने की चीजों के साथ नशीली गोलीनुमा वस्तु भी मिली है। पुलिस ने शराब, सिगरेट, नशीली गोलियों और खाने-पीने की चीजों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। एक 12वीं का छात्र, दूसरे की दो महीने की बेटी मृतकों में शिवकुमार, जीतू और अजीत शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार कक्षा 12 का छात्र था। जीतू की शादी हो चुकी थी और उसका करीब दो महीने का बच्चा है। वहीं, अजीत बाहर रहकर काम करता था। उसके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वे ट्रेन से गांव के लिए रवाना हुए थे। डीएम-एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी एम. अरुण मौली और पुलिस अधीक्षक इलामारन जी. मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। गांव में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। एसएसपी बोले- शराब के साथ दूसरे नशीले पदार्थ के सेवन की आशंका एसएसपी इलामारन जी. ने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव के तीन युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि तीनों युवक दोपहर करीब ढाई से तीन बजे गांव में एक स्थान पर बैठकर शराब पी रहे थे। घटनास्थल से अंग्रेजी शराब की बोतलें, टेट्रा पैक, खाने-पीने की चीजें और नशीली गोलीनुमा वस्तु बरामद हुई है। आशंका है कि शराब के साथ किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन भी किया गया हो, जिससे रिएक्शन हुआ हो। शराब के ओवरडोज की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बरामद शराब को सील कर जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य पदार्थों की भी जांच कराई जा रही है। शराब की दुकान सील करने की कार्रवाई एसएसपी ने बताया कि संबंधित शराब की दुकान को सील करने की कार्रवाई आबकारी विभाग की ओर से की जा रही है। तीनों शवों का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। विसरा भी सुरक्षित रखा जाएगा। फिलहाल तीनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस शराब के स्रोत, उसमें मिलावट और किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User