इंदिरानगर थाने का विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया घेराव:48 घंटे का अल्टीमेटम दिया; बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा प्रदर्शन होगा
लखनऊ के इंदिरानगर के सुगामऊ में दलित महिला लक्ष्मी रावत से मारपीट के मामले में गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इंदिरानगर थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि दो दिन में सभी आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। संगठन के पदाधिकारियों ने एसीपी गाजीपुर अतुल पांडेय को ज्ञापन सौंपकर पीड़िता को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद क्यों जागी पुलिस? प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि घटना 6 नवंबर को हुई थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की? 10 नवंबर को सामने आने के बाद ही पुलिस सक्रिय क्यों हुई? क्या किसी गंभीर घटना में कार्रवाई के लिए वीडियो वायरल होना और संगठनों का दबाव बनाना जरूरी है? संगठन का आरोप है कि बच्चा चोरी का आरोप लगाकर महिला को बंधक बनाया गया और बेरहमी से पीटा गया। घायल महिला को ठेलिया पर लादकर पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां वह कई घंटे तक घायल अवस्था में पड़ी रही। कार्यकर्ताओं ने इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। 6 गिरफ्तारियों से संतुष्ट नहीं संगठन विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि 6 आरोपियों की गिरफ्तारी से मामला खत्म नहीं होता। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पीड़िता को बेहतर इलाज और सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाए। विहिप के प्रांत प्रचार प्रमुख नृपेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि महिला के सम्मान और न्याय के मुद्दे पर संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। पुलिस को 48 घंटे का समय दिया गया है। इसके बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बजरंग दल के विभाग संयोजक विजय, प्रचार टोली के सदस्य शरद चंद्र, प्रखंड अध्यक्ष राकेश सिंह समेत जिले और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)