लोहिया संस्थान में शुरू होगा पैंक्रियास ट्रांसप्लांट:350 बेड का लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर भी बनेगा, यूपी का पहला सरकारी संस्थान होगा
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) पैंक्रियास ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने जा रहा है। यह दुनिया के सबसे जटिल ट्रांसप्लांट में शामिल है। इस तरह का विशेष ट्रांसप्लांट सेंटर बनने से लोहिया संस्थान यूपी का पहला सरकारी मेडिकल संस्थान होगा, जहां यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही लिवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू की जाएगी। वहीं, मरीजों को बेहतर इमरजेंसी इलाज देने के लिए संस्थान में 350 बेड का लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। गुरुवार को मुख्य सचिव के सभाकक्ष में संस्थान की 42वीं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक हुई। इसमें संस्थान के विस्तार, इलाज की सुविधाओं, रिसर्च और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। शहीद पथ के पास खरीदी जाएगी जमीन ट्रॉमा सेंटर बनाने के लिए शहीद पथ स्थित संस्थान परिसर के पास लखनऊ विकास प्राधिकरण की 16,603.34 वर्गमीटर जमीन खरीदी जाएगी। इसके प्रस्ताव को बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। वहीं, गोमती नगर स्थित मुख्य परिसर के पास प्रसार भारती की 3,176 वर्गमीटर जमीन खरीदने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इसकी कीमत और दूसरे वित्तीय पहलुओं की जांच के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। लिवर और पैंक्रियास की सर्जरी की सुविधा बढ़ेगी संस्थान में हेपेटो-पैंक्रियाटो-बिलियरी (एचपीबी) सर्जरी शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत लिवर, पैंक्रियास और बाइलरी ट्रैक्ट से जुड़ी बीमारियों का इलाज होगा। संस्थान को लिवर ट्रांसप्लांट समेत इन बीमारियों के इलाज के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की योजना है। रिसर्च के लिए हर साल मिलेंगे 3.82 करोड़ एमडी, एमएस, डीएम और एमसीएच के स्टूडेंट्स के शोध को बढ़ावा देने के लिए इंस्टीट्यूशनल स्मॉल रिसर्च ग्रांट स्कीम शुरू होगी। इसके लिए हर साल 3.82 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। इसके अलावा संस्थान अपनी आधिकारिक रिसर्च जर्नल 'जर्नल ऑफ ट्रांसलेशनल एंड क्लिनिकल हेल्थ साइंसेज' भी शुरू करेगा। यह ऑनलाइन और प्रिंट दोनों फॉर्मेट में साल में तीन बार प्रकाशित होगी। न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में बनेंगे तीन नए पद न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (रेडियोफार्मेसी) का एक और रेडियोफार्मासिस्ट के दो पद सृजित किए जाएंगे। वहीं, फॉरेंसिक मेडिसिन एंड टॉक्सिकोलॉजी विभाग में साइंटिस्ट ग्रेड-2 का एक पद बनाया जाएगा। इन प्रस्तावों को आगे की मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। पे-प्रोटेक्शन के मामलों में डायरेक्टर लेंगे फैसला लोहिया संस्थान के फैकल्टी और स्टाफ के पे-प्रोटेक्शन से जुड़े मामलों में मंजूरी देने का अधिकार डायरेक्टर को दिया गया है। इसके लिए प्रचलित सरकारी नियम लागू होंगे। वहीं, संस्थान के स्टैंडिंग काउंसिल की रिटेनरशिप फीस 15 हजार रुपये और बहस फीस 5 हजार रुपये प्रति कार्यदिवस तय करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। पेशेंट केयर पर सबसे ज्यादा फोकस डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ.सीएम सिंह ने बताया कि पेशेंट केयर पर हमारा सबसे ज्यादा फोकस है। लिवर के साथ पैंक्रियास ट्रांसप्लांट सहित इस ऑर्गन से जुड़े ट्रांसप्लांट का हब बनाया जाएगा है। इसके लिए वर्ल्ड क्लास सर्जन का अपॉइंटमेंट होगा। मौजूदा समय उत्तर प्रदेश में किसी सरकारी संस्थान में ऐसी सुविधा नहीं है। और देश के सिर्फ चुनिंदा सुविधा ही ये सुविधा मुहैया करा पा रहे है। वर्ल्ड क्लास ट्रांसप्लांट सेंटर के साथ टॉप लेवल के ट्रॉमा सेंटर की भी मंजूरी दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)