जौनपुर में सभी सीटें जीतने का भाजपा विधायक का दावा:अखिलेश से बोले रमेश मिश्रा- मथुरा में मंदिर बनवाइए, फिर बनेगी BJP सरकार
जौनपुर में भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने दावा किया कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की नौ में से लगभग सभी सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी। विधायक ने चुनावी तैयारियों के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी में टिकट वितरण को लेकर भी अपनी बात रखी। बूथ स्तर पर नए मतदाताओं को जोड़ रही भाजपा रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी बूथ स्तर पर जनसंपर्क कर रही है। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जा रहे हैं। BLO के जरिए भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने का काम हो रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। अखिलेश यादव पर साधा निशाना अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि सपा प्रमुख कभी कुछ बोलते हैं, तो कभी PDA का अर्थ बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण को मानते हैं, तो उन्हें मथुरा में मंदिर निर्माण की पहल करनी चाहिए। मिश्रा ने कहा कि भाजपा मथुरा में मंदिर निर्माण की पक्षधर है और अखिलेश यादव को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। अखिलेश यादव के पांच सीटों के ऐलान पर विधायक ने दावा किया कि पांच में से चार सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने से पता चलता है कि सपा प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। सहारनपुर के मामले पर टिप्पणी से किया परहेज सहारनपुर से जुड़े मामले पर मिश्रा ने कहा कि पुलिस या प्रशासन से कोई चूक हुई भी है, तो उस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति सांसद हैं और सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए। टिकट वितरण पर केंद्रीय नेतृत्व लेता है अंतिम फैसला अतरौलिया सीट पर दो कैबिनेट मंत्रियों के आमने-सामने होने और टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर रमेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा में टिकट वितरण एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है। जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर से पैनल तैयार होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेता है। उन्होंने कहा कि बीमारी, अधिक उम्र अथवा क्षेत्र में काम और जनता से संवाद की कमी जैसी परिस्थितियों में टिकट बदलने की संभावना बन सकती है। वहीं, अच्छा काम करने वाले विधायकों के टिकट को लेकर फिलहाल ऐसी कोई स्थिति नहीं है। समय की कमी से रद्द हुआ डिप्टी सीएम का कार्यक्रम डिप्टी सीएम का कार्यक्रम अचानक रद्द होने और जाम के कारण वापस लौटने के सवाल पर विधायक ने बताया कि पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील उपाध्याय के घर जाने का कार्यक्रम अचानक तय हुआ था। उन्होंने कहा कि शाम करीब पांच बजे अंधेरा होने और हेलीकॉप्टर की उड़ान निर्धारित समय तक पूरी करना जरूरी था। आने-जाने और वहां रुकने में करीब डेढ़ से दो घंटे लगने का अनुमान था। ऐसे में समय की कमी को देखते हुए कार्यक्रम रद्द करने का निर्णय लिया गया। विधायक ने बताया कि इसके बाद डिप्टी सीएम ने पूर्व जिला अध्यक्ष से फोन पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम रद्द होने के पीछे समय और हेलीकॉप्टर की उड़ान से जुड़ी व्यावहारिक परिस्थितियां थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)