जगद्गुरु कल्कि पीठाधीश्वर को बम से उड़ाने की धमकी:बोले- मेरी हत्या हो जाए तो भी कल्कि धाम का निर्माण नहीं रुकना चाहिए

Sep 26, 2026 - 15:40
0
जगद्गुरु कल्कि पीठाधीश्वर को बम से उड़ाने की धमकी:बोले- मेरी हत्या हो जाए तो भी कल्कि धाम का निर्माण नहीं रुकना चाहिए
संभल के ऐंचौड़ा कंबोह स्थित श्रीकल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। 24 सितंबर की देर रात उनके पर्सनल नंबर पर आए कॉल के बाद एक ऑडियो संदेश भी सामने आया है। शनिवार दोपहर श्रीकल्कि धाम में प्रेसवार्ता कर आचार्य ने ऑडियो जारी किया और केंद्र व प्रदेश सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। आचार्य प्रमोद कृष्णम के मुताबिक, धमकी देने वाले ने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया। ऑडियो में उसे यह कहते सुना जा रहा है कि उनके बारे में जान लो, वे बहुत इधर-उधर घूमते हैं और सोच-समझकर निकलें, वरना जान से मार दिया जाएगा। आचार्य ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रही थीं, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया था। दो दिन पहले पंजाबी भाषा में ऑडियो मैसेज मिला, जिसकी जानकारी यूपी पुलिस, गृह मंत्रालय, पंजाब पुलिस और संभल एसपी को दी गई है। देखें 2 तस्वीरें… अब जानें पूरा मामला… आचार्य ने कहा कि धमकी देने वाले ने उनके काम को पाखंड बताते हुए उसे बंद करने की बात कही और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। उनके अनुसार ऑडियो में बम और रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की बात भी कही गई है। मामले को लेकर श्रीकल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर आचार्य और श्रीकल्कि धाम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। गुरु गोविंद सिंह, महावीर और बुद्ध के मंदिर प्रस्तावित आचार्य ने कहा कि कल्कि धाम का निर्माण सनातन धर्म की एकता के संकल्प के साथ कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। धाम में गुरु गोविंद सिंह महाराज, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध के मंदिर प्रस्तावित हैं। आचार्य का कहना है कि इन्हीं गतिविधियों के चलते उन्हें पहले भी अलग-अलग नंबरों से धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि खालिस्तान समर्थक और इस्लामी कट्टरपंथी संगठनों की ओर से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। बोले- मेरी हत्या हो तो कल्कि धाम का निर्माण न रुके आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें देश को तालिबान और खालिस्तान बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी हत्या होती है तो वह इसे अपना बलिदान मानेंगे, लेकिन कल्कि धाम का निर्माण रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि उनकी हत्या होने की स्थिति में भारत सरकार श्रीकल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन लेकर निर्माण कार्य जारी रखे और धाम में गुरु गोविंद सिंह का विग्रह स्थापित किया जाए।संभल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आचार्य के फोन पर दिल्ली से एक मैसेज आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User