सेवानिवृत्त IAS अनुराग पटेल ने थामा अपना दल(S) का दामन:अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में ली पार्टी की सदस्यता,मिर्जापुर में डीएम रहते सुर्खियों में आए थे

Nov 29, 2026 - 17:37
0
सेवानिवृत्त IAS अनुराग पटेल ने थामा अपना दल(S) का दामन:अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में ली पार्टी की सदस्यता,मिर्जापुर में डीएम रहते सुर्खियों में आए थे
उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनुराग पटेल ने आज प्रयागराज में आयोजित रैली के दौरान अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी ज्वाइन की। अनुराग पटेल नवंबर 2024 में सरकारी सेवाओं से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारी निभाई। अब सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखते हुए अपना दल (एस) का दामन थाम लिया है। मिर्जापुर में डीएम रहते सुर्खियों में आए थे अनुराग पटेल अनुराग पटेल अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान कई बार चर्चा में रहे। खासकर मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए उनका कार्यकाल सुर्खियों में रहा। वह करीब 15 महीने तक मिर्जापुर के डीएम रहे। नवंबर 2019 में शासन ने उनका मिर्जापुर से तबादला कर लखनऊ में विशेष सचिव, कृषि उत्पादन के पद पर तैनाती दी थी। मिर्जापुर में नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल के साथ भी उनका पूरे कार्यकाल के दौरान विवाद चर्चा में रहा। नमक-रोटी मामले में पत्रकार पर मुकदमा दर्ज कराने को लेकर हुई थी आलोचना साल 2019 में मिर्जापुर के जमालपुर ब्लॉक के सियुर प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मिड-डे मील में नमक और रोटी दिए जाने का मामला सामने आया था। इस खबर को प्रकाशित करने वाले पत्रकार के खिलाफ अनुराग पटेल ने अहरौरा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। इस कार्रवाई और मीडिया में दिए गए उनके बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी। यह मामला उस समय सोशल मीडिया और मीडिया में काफी चर्चा में रहा था। ड्राइवर की विदाई पर खुद गाड़ी चलाकर घर छोड़ने पहुंचे थे अनुराग पटेल का एक अलग अंदाज उस समय भी देखने को मिला था, जब बांदा में तैनाती के दौरान उनके सरकारी ड्राइवर इम्तियाजुद्दीन सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जाता है कि ड्राइवर की विदाई के मौके पर अनुराग पटेल खुद गाड़ी चलाकर उन्हें उनके घर तक छोड़ने गए थे। उनकी इस पहल की मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी सराहना हुई थी। इस घटना को अधिकारी और कर्मचारी के बीच सम्मान और आत्मीयता के उदाहरण के तौर पर देखा गया था। अब प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद अनुराग पटेल ने अपना दल (एस) की सदस्यता लेकर राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी है। प्रयागराज में अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User