जलभराव से परेशान लोगों ने सड़क जाम किया:जल निकासी न होने पर विरोध जताया, उन्नाव-गदनखेड़ा बाईपास पर असर
उन्नाव में लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या से परेशान पीडी नगर के लोगों का रविवार शाम गुस्सा फूट पड़ा। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नाराज मोहल्लेवासियों ने सीएनजी पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बांस-बल्लियां लगाकर मार्ग जाम कर दिया। शाम करीब 5 बजे लगाए गए जाम के कारण उन्नाव शहर से गदनखेड़ा बाईपास की ओर आने-जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि लगातार बारिश के बाद पीडी नगर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। घरों के आसपास भी पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क और मोहल्ले में जमा हो रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके की स्थिति की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी। अधिकारियों की ओर से लोगों को समस्या के समाधान का आश्वासन देने का प्रयास किया जा रहा था।
जाम के दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। पुलिस ने यातायात सामान्य कराने के लिए प्रदर्शनकारियों से सड़क से हटने की अपील की। हालांकि, मोहल्लेवासियों का कहना था कि जब तक जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनकी परेशानी बनी रहेगी। लगातार बारिश के बीच शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में पीडी नगर के लोगों ने नगर पालिका से जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि मौके की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)