बदायूं में नाले में गिरे पिता और दो बेटे:बच्चों को फेंकने के शक में लोगों ने पीटा; जांच में सामने आई सच्चाई
बदायूं में शराब के नशे में एक व्यक्ति अपने दो मासूम बेटों के साथ नाले में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि व्यक्ति बच्चों को जानबूझकर नाले में फेंक रहा है। इस गलतफहमी में लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया। बाद में तीनों को नाले से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस पिता और दोनों बच्चों को कोतवाली ले गई। पूछताछ में पता चला कि व्यक्ति शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने से बच्चों समेत नाले में गिर गया था। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी चुंगी की है। व्यक्ति की पहचान दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गलोथी निवासी हरिओम के रूप में हुई। वह अपने छह साल के बेटे पीयूष और पांच साल के बेटे दिव्यम को लेकर जा रहा था। इसी दौरान तीनों नाले में गिर गए। बच्चों के साथ व्यक्ति को नाले में गिरा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पत्नी से विवाद के बाद बच्चों को लेकर निकला था पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि हरिओम का गाजियाबाद में अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह दोनों बेटों को लेकर दातागंज जा रहा था। रास्ते में शराब के नशे में होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह दोनों बच्चों के साथ नाले में गिर गया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि हरिओम बच्चों को नाले में फेंक रहा है। इसी शक में लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में तीनों को नाले से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कराया मेडिकल, पत्नी को दी सूचना सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस तीनों को सदर कोतवाली ले गई। पुलिस ने हरिओम का मेडिकल परीक्षण कराया और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि हरिओम की पत्नी से बात हो गई है। उसे घटना की जानकारी दे दी गई है। पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि शराब के नशे में पिता अपने दोनों बच्चों के साथ नाले में गिर गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)