दहेज में बाइक नहीं मिली, साले पर उस्तरे से हमला:बिजनौर में पत्नी और ससुर से करने लगा झगड़ा; साले के गर्दन और सीने पर मारा
बिजनौर में दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर एक दामाद ने खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। आरोप है कि ससुराल पहुंचे युवक ने पहले पत्नी और ससुर से गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अपने 20 वर्षीय साले मोहम्मद शान पर उस्तरे से हमला कर दिया। आरोपी ने शान की गर्दन, कान, सीने और हाथ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल शान को पहले सीएचसी, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना कीरतपुर थाना क्षेत्र के लुकमानपुरा की है। तीन साल पहले हुई थी शादी, बाइक मांगने का आरोप लुकमानपुरा निवासी हसीब की बेटी लायबा की शादी करीब तीन साल पहले रतगढ़ निवासी अमन पुत्र अमीर आलम उर्फ भोटिया से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अमन दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह लायबा के साथ मारपीट करता था। इसी बात को लेकर परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। ससुराल पहुंचकर करने लगा गाली-गलौज जानकारी के मुताबिक, रविवार को अमन अपनी ससुराल पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान ससुर के साथ उसकी कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता देख 20 वर्षीय शान बीच-बचाव करने पहुंच गए। उस्तरे से गर्दन और सीने पर किए कई वार आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज अमन ने शान पर उस्तरे से हमला कर दिया। उसने उनकी गर्दन, कान, सीने और हाथ पर कई वार किए। हमले में शान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। अचानक हुई इस वारदात से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी उनकी हालत गंभीर बनी रही। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया। आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश वारदात के बाद आरोपी अमन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। मामले में परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)