कानपुर कैंटबोर्ड की स्टेनोग्राफर को CBI ने भेजा जेल:रिटायर सफाई कर्मचारी के बकाया भुगतान को मांगा था 5 हजार, CBI ने दर्ज की FIR
कानपुर कैंट बोर्ड की महिला कर्मचारी के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया। रिटायर सफाई कर्मचारी से बकाया भुगतान के लिए 5 हजार रुपए की घूस मांगी थी, हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी भुगतान नहीं कर रही थीं। इससे आजिज होकर रिटायर कर्मचारी ने लखनऊ सीबीआई में शिकायत की थी। सीबीआई ने जांच के बाद आरोप की पुष्टि होने पर स्टेनोग्राफर वंदना सिन्हा को अरेस्ट कर लिया और अब एफआईआर दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया है। सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक मकान नंबर 40, फेथफुलगंज, आजाद पार्क, कैंट निवासी रूपलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि उन्होंने वर्ष 1974 से 2016 तक कानपुर छावनी परिषद (कैंटोनमेंट बोर्ड) में कार्य किया था और वर्ष 2016 में सफाई नायक (सैनिटेशन सुपरवाइजर) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद शिकायतकर्ता को 01 जनवरी 2016 से 01 जुलाई 2018 तक का महंगाई भत्ता (DA) का बकाया भुगतान नहीं किया गया था। कैंट बोर्ड के सैकड़ों चक्कर लगाने के बाद भी उनके मामले की सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 2025 हाईकोर्ट की शरण में पहुंचे। उनकी याचिका पर सुनवाई करने के बाद हाईकोर्ट ने कानपुर छावनी परिषद को शिकायतकर्ता के महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए जब शिकायतकर्ता अपने लंबित महंगाई भत्ते के बकाये की स्थिति जानने के लिए कानपुर छावनी परिषद गए, तो वहां कार्यरत स्टेनोग्राफर वंदना सिन्हा ने उन्हें बताया कि उनकी फाइल ऑडिट के लिए लंबित है। उन्होंने फाइल का ऑडिट कराने में मदद करने के बदले 5 हजार रुपए की घूस मांगी। उन्होंने बताया कि उनके पास घूस देने के लिए भी रकम नहीं थी, इस वजह से उन्होंने मामले की सीबीआई लखनऊ में शिकायत दर्ज कराई। सीबीआई ने जाल बिछाकर वंदना को पकड़ा शिकायत के बाद सीबीआई लखनऊ की टीम ने गुरुवार देर शाम कैंट में छापेमारी करके वंदना को अरेस्ट कर लिया। शिकायतकर्ता रूपलाल से वंदना ने 5 हजार रुपए मांगे और इधर सीबीआई की टीम ने रंगेहाथों दबोच लिया। आरोप की पुष्टि होने के बाद देर रात तक सीबीआई की टीम जांच-पड़ताल करती रही और शुक्रवार भोर में वंदना को अरेस्ट करके ले गई और एफआईआर दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)