एम्बुलेंस में देरी और दवाएं बाहर से लिखने के आरोप:कन्नौज एक्सप्रेस-वे बस हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर स्कूल बस हादसे में घायल टीचर शिवांगी और सहायक अध्यापक हिमांशू शर्मा ने एम्बुलेंस से लेकर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। टीचरों का कहना है कि हादसे के करीब 1 घण्टे बाद एम्बुलेंस पहुंची। जिस कारण घायल बच्चे तड़पते रहे। महिला टीचर ने बाहर से दवाएं लिखे जाने के आरोप लगाए हैं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे हादसा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। शाम के समय हादसे को लेकर 2 टीचरों के वीडियो सामने आए हैं। पहला वीडियो ओरिएंटल पब्लिक स्कूल सहायक अध्यापक हिमांशु शर्मा का है। जिसमें वह हादसे के समय एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने के आरोप लगा रहे। हिमांशू शर्मा ने बताया कि खड़ी स्कूल बस में ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कई बच्चे घायल हो गए। कुछ बच्चे सीटों के बीच फंस गए। बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस को फोन पर सूचना दी गई, लेकिन करीब 1 घण्टे बाद एम्बुलेंस पहुंची। उससे पहले डायल 112 पुलिस की गाड़ी पहुंच गई। एम्बुलेंस में देरी को देखते हुए पुलिस कर्मियों से रिक्वेस्ट की कि अपनी गाड़ी से घायल बच्चों को अस्पताल भिजवा दो, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। अगर समय से बच्चे अस्पताल पहुंच जाते तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। उधर हादसे में घायल महिला टीचर शिवांगी ने बताया कि उनके सिर में चोट है। मेडिकल कॉलेज में ट्रीटमेंट तो कर दिया गया, लेकिन दवाएं कुछ नहीं दी गईं। दवाओं की बजाय मेडिकल कर्मियों ने उन्हें पर्चा थमा दिया और कहाकि ये दवाएं बाहर से मंगवा लो। मेडिकल कॉलेज में दवाएं नहीं है। इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर पुष्पेंद्र सिंह से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। टीचरों द्वारा लापरवाही के आरोप लगाने वाले वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के निवर्तमान सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाए हैं। जिस कारण इस मामले में सियासत शुरू हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)